कोटा। कुन्हाड़ी स्थित रिद्धि-सिद्धि नगर के श्री 1008 चंद्रप्रभु दिगंबर जैन जिनालय में सात दिवसीय कल्पद्रुम महामंडल विधान का सोमवार को घटयात्रा के साथ मंगल शुभारंभ हुआ। विराग वर्धन पावन वर्षायोग-2026 के अंतर्गत आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परम पूज्य गणधर मुनिश्री 108 विवर्धन सागर महाराज एवं प्रवर्तक मुनिश्री 108 विश्वनायक सागर महाराज के सान्निध्य में होने वाले इस विधान के शुभारंभ पर निकली घटयात्रा के दौरान पूरा जिनालय परिसर जिनेंद्र भगवान के जयकारों से गुंजायमान रहा।

अध्यक्ष राजेंद्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड़ ने बताया कि मंगल कलशों के साथ निकाली गई घटयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के समापन के बाद धर्मचंद एवं राजेश गोधा परिवार ने ध्वजारोहण कर विधान की विधिवत शुरुआत की। इसके बाद महावीर प्रसाद एवं डॉ. हेमंत कुमार कंसल परिवार ने मंडप उद्घाटन किया, जबकि पदम कुमार एवं सीताजी जैन बनेठा ने दीप प्रज्ज्वलित कर धर्मसभा का शुभारंभ किया।

कोषाध्यक्ष ताराचंद बडला ने बताया कि विधान के दौरान श्रद्धालु विधि-विधान, मंत्रोच्चार और भक्ति भाव के साथ जिनेंद्र भगवान की आराधना कर रहे हैं। जैन परंपरा में कल्पद्रुम महामंडल विधान का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। इस अनुष्ठान में समवशरण की भव्य रचना के माध्यम से तीर्थंकर भगवान की दिव्य देशना की आराधना की जाती है। श्रद्धालु इसके माध्यम से आत्मशुद्धि, आध्यात्मिक उन्नति और कर्म निर्जरा की भावना रखते हैं।

पारस जैन आदित्य ने बताया कि आयोजन के तहत सायंकालीन महाआरती का सौभाग्य टीकम पाटनी परिवार को प्राप्त हुआ। इसके बाद रात्रि में सांस्कृतिक नाटक का मंचन किया गया। इस अवसर पर फरवरी 2028 में रिद्धि-सिद्धि नगर, कोटा में प्रस्तावित यति सम्मेलन में पधारने के लिए मुनिश्री विवर्धन सागर महाराज एवं मुनिश्री विश्वनायक सागर महाराज को निमंत्रण भी भेंट किया गया।

अध्यक्ष राजेंद्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड़ ने बताया कि 22 नवंबर तक चलने वाले इस सात दिवसीय विधान में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, पूजन, प्रवचन, आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन में सकल समाज के परम संरक्षक विमल नांता, पदम बडला, कार्याध्यक्ष मनोज जायसवाल, जैनेन्द्र जज, अशोक सांवला, ताराचंद बडला, निर्मल अजमेरा, पारस बज, आदित्य, पारस लुहाड़िया, विनोद सारसोप एवं सुरेश देइवाले सहित गुरु सेवा संघ परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। घटयात्रा से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में आगामी 22 नवंबर तक जिनेंद्र आराधना और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का क्रम जारी रहेगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story