कोटा। कुन्हाड़ी स्थित ऋद्धि-सिद्धि नगर के श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में गुरुवार को भक्ति और आराधना का अनूठा दृश्य देखने को मिला। परम पूज्य गणाचार्य 108 विरागसागरजी महाराज के प्रिय शिष्य परम पूज्य मुनि प्रवर्तक 108 विवर्धन सागरजी महाराज एवं मुनि 108 विश्वनायक सागरजी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में भव्य कल्पद्रुम महामंडल विधान का आयोजन किया गया। इस दौरान भव्य समवसरण की रचना के बीच श्रद्धालुओं ने जिनेंद्र भगवान की आराधना की और 24 हजार से अधिक अर्घ्य समर्पित कर पुण्यार्जन किया।

धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ प्रातःकाल जिनेंद्र प्रभु के अभिषेक, शांतिधारा एवं नित्य महापूजा के साथ हुआ। इसके बाद इंद्र-इंद्राणियों ने समवसरण की प्रथम एवं द्वितीय पीठ में विराजमान जिनबिंबों की भक्तिभाव से महाअर्चना की। तीर्थंकरों के गुणों की आराधना करते हुए श्रद्धालुओं ने 24 हजार से अधिक अर्घ्य अर्पित किए। विधान के अंतर्गत दिव्यध्वनि पूजा के 40 अर्घ्य, गणधर पूजा तथा चौसठ ऋद्धि पूजा के 64 अर्घ्य समर्पित किए गए। गणधर पूजा के दौरान भगवान आदिनाथ के प्रथम गणधर वृषभसेन और भगवान महावीर स्वामी के प्रथम गणधर गौतम स्वामी का स्मरण किया गया।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री विवर्धन सागरजी महाराज ने कहा कि जीव अनादिकाल से संसार में परिभ्रमण कर रहा है। इस संसार चक्र से मुक्ति पाने का मार्ग भगवान जिनेंद्र की आराधना और पूजा है। जिनेंद्र भगवान की भक्ति से अतिशय पुण्य का बंध होता है और आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है।

मुनिश्री ने भरत चक्रवर्ती और भगवान आदिनाथ से जुड़े प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि जब भरत चक्रवर्ती ने भगवान से भविष्य में होने वाले तीर्थंकर के विषय में प्रश्न किया तो भगवान ने बताया कि उनके पुत्र मरीचि भविष्य में अंतिम तीर्थंकर भगवान महावीर के रूप में जन्म लेंगे। यह सुनकर मरीचि ने 363 मतों का प्रवर्तन किया। अनंत काल तक संसार में परिभ्रमण करने के बाद उन्होंने अंतिम तीर्थंकर भगवान महावीर के रूप में जन्म लिया।

मुनिश्री ने भगवान नेमिनाथ के समवसरण और द्वारिका नगरी के विनाश से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से कर्मों के सिद्धांत को भी समझाया। प्रवचन के अंत में उन्होंने सभी प्राणियों के मंगल और कल्याण की कामना करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।

प्रतिष्ठाचार्य पं. भागचंद शास्त्री धरियावद ने मंत्रोच्चार के साथ विधान की समस्त धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं। गीतकार मनीषजी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। बाहर से आए धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने भी विधान में सहभागिता कर पुण्यार्जन किया।

मंदिर अध्यक्ष राजेंद्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड़ ने बताया कि विधान के दौरान पाद प्रक्षालन का सौभाग्य कांतादेवी एवं धर्मचंद जेठानीवाल परिवार, अजमेर तथा लाडदेवी, राजेंद्र कुमार एवं महेंद्र कुमार गोधा परिवार को प्राप्त हुआ। महाआरती का पुण्यार्जन ऋद्धि-सिद्धि महासमिति ने किया।

विधान में सौधर्म इंद्र बनने का सौभाग्य टीकमचंद एवं धूपेंद्र पाटनी परिवार को मिला, जबकि कुबेर इंद्र का पुण्यार्जन अशोक कुमार एवं अंजना सांवला परिवार ने किया। महायज्ञनायक बनने का सौभाग्य विजय कुमार एवं प्रमिला ठोला परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं, यज्ञनायक का पुण्यार्जन बसंतीलाल एवं अरुणा दोषी परिवार ने किया। चक्रवर्ती बनने का सौभाग्य जम्बू कुमार एवं चंदा बज परिवार को प्राप्त हुआ।

मुनिश्री के सान्निध्य में आयोजित कल्पद्रुम महामंडल विधान में समवसरण की रचना, जिनेंद्र प्रभु की महाअर्चना, हजारों अर्घ्यों का समर्पण और विभिन्न धार्मिक पात्रों के पुण्यार्जन ने श्रद्धालुओं को धर्माराधना का अवसर प्रदान किया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story