विधायक संदीप शर्मा ने कोटा जन शिक्षण संस्थान में नवनिर्मित सभागार का किया लोकार्पण
कोटा दक्षिण विधायक कोष से निर्मित सभागार का उद्घाटन, विधायक ने कौशल विकास को भारत को महाशक्ति बनाने का माध्यम बताया।

कोटा के विज्ञान नगर में जन शिक्षण संस्थान के नवनिर्मित सभागार लोकार्पण समारोह के दौरान विधायक संदीप शर्मा, कुलगुरू डॉ. विमला डूकवाल और अन्य अतिथि।
शहर के विज्ञान नगर क्षेत्र में कौशल विकास उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित जन शिक्षण संस्थान कोटा में कोटा दक्षिण विधायक कोष से नवनिर्मित सभागार का लोकार्पण माननीय विधायक संदीप शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि कृषि विश्वविद्यालय की कुलगुरू डॉ विमला डूकवाल द्वारा किया गया।
कौशल विकास और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प
कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित करते हुए विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि "आज भारत दुनिया की सर्वाधिक आबादी वाला देश है और यदि इस आबादी को कौशल विकास के माध्यम से हुनरमंद बना दिया जाए तो हमें दुनिया की महाशक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकता।" उन्होंने संस्थान द्वारा जिले में चलाए जा रहे कौशल केन्द्रों के द्वारा लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए किये जा रहे प्रयासों की सराहना की। कृषि विश्वविद्यालय की कुलगुरू डॉ विमला डूकवाल ने अपने उद्बोधन में संस्थान द्वारा कौशल केन्द्रों के माध्यम से महिलाओं लाभार्थियों की आर्थिक दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने के कार्य को एक अभिनव पहल बताया।
संस्थान की उपलब्धियां एवं भविष्य की योजनाएं
सलाहकार राजीव मल्हो़़त्रा द्वारा जन शिक्षण संस्थान एवं पैतृक संस्था जिला प्रौढ़ शिक्षण समिति द्वारा पिछले 40 वर्षाे से किये जा रहे व्यवसायिक, शैक्षिक एवं सेवा कार्याें से सम्बन्धी संक्षिप्त जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक मुकेश राठौर द्वारा बताया गया कि वर्तमान में कोैशल मंत्रालय द्वारा आगामी भविष्य को देखते हुये कृषि एवं टूरिज्म आधारित नवीन प्रशिक्षण कोर्स को प्राथमिकता दी जा रही है। आर पी गुप्ता द्वारा अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में बताया कि कोटा जन शिक्षण संस्थान भारत में एक आदर्श है जहां स्वयं के संसाधनों एवं जन प्रतिनिधियों के सहयोग से विशाल कार्यालय परिसर का निर्माण किया गया है। इसी क्रम में उन्होंने कोटा दक्षिण विधायक कोष से नवनिर्मित सभागार निर्माण हेतु विधायक संदीप शर्मा का आत्मिक आभार प्रकट किया।
सामाजिक संस्थाओं का सम्मान एवं गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में शहर की अग्रणी सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों का भी सम्मान किया गया जिसमें श्री करनी नगर विकास समिति से प्रवीण भण्डारी, पेंशन समाज से रमेशचन्द गुप्ता, गायत्री शक्तिपीठ से जी.डी.पटेल, समिति सदस्य डॉ. हरीश मेहता, शिवराज सिंह सिसोदिया, हंसराज शर्मा, अजीत सिंह राजवात, डॉ. के. पी. सिंह, मुनेन्द्र प्रताप, युधिष्ठर चानसी, नरेन्द्र जेन, रानी शर्मा, डॉ. शोभा मिश्रा, जुगराज राठौर एवं वी.के सक्सैना आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अन्त में पूर्व महापौर एवं संस्थान की उपाध्यक्ष सुमन श्रृंगी द्वारा अतिथियों एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
