प्रवासी जैन उद्यमियों का कोटा में जुटा संगम, आपसी सहयोग से तरक्की का संकल्प
देशभर और दुबई से आए जैन समाज के युवाओं और व्यवसायियों ने कोटा में आयोजित स्नेह मिलन समारोह में अपने व्यावसायिक अनुभव साझा किए।

राष्ट्रीय ध्वज फहराने के समारोह में शामिल हैं।
कोटा में समग्र दिगम्बर जैन बघेरवाल सामाजिक संस्था कोटा प्रान्त की ओर से स्टेशन रोड स्थित सियाम ऑडिटोरियम में प्रवासी संगोष्ठी एवं स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें देशभर के विभिन्न शहरों और दुबई से आए जैन समाज के युवा उद्यमियों, बिजनेसमैन तथा प्रोफेशनल्स ने हिस्सा लेकर अपने व्यावसायिक अनुभव साझा किए। संगोष्ठी में समाज की एकजुटता, आपसी परिचय, व्यावसायिक सहयोग और जरूरत के समय एक-दूसरे के काम आने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकजुटता और परस्पर सहयोग में निहित है। समाज के लोग एक-दूसरे को जानेंगे, आपस में जुड़ेंगे और जरूरत पड़ने पर सहयोग करेंगे, तभी तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे।
10 नवम्बर को आयोजित इस कार्यक्रम में दिल्ली, मुंबई, पुणे, महाराष्ट्र, हैदराबाद, जयपुर, नोएडा सहित देश के विभिन्न शहरों से आए प्रवासी समाजबंधुओं ने अपने अनुभव साझा किए। व्यापार, उद्योग, कॉर्पोरेट सेक्टर और विभिन्न व्यवसायों से जुड़े प्रतिभागियों ने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को एक मंच पर लाकर उनके अनुभवों का लाभ अन्य लोगों तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। इससे युवाओं को नए अवसर मिलने के साथ व्यापार और रोजगार के क्षेत्र में आपसी सहयोग की संभावनाएं भी विकसित होंगी।
संगोष्ठी में दुबई में सिविल इंजीनियर के रूप में कार्यरत सिद्धार्थ जैन ने दुबई में व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक जैन समाज के बंधुओं को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। वैदेही ने बैंगलोर में काम करने के अपने अनुभव साझा किए। आयुष जैन ने गाजियाबाद के आईटी सेक्टर, अयान जैन ने एआई सेक्टर, बेंगलुरु से आए उत्सव जैन ने अपने कार्यक्षेत्र तथा अभिषेक बघेरवाल ने मुंबई में व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े अनुभव साझा किए। एकता जैन ने गणित विषय में पीएचडी से संबंधित अपने अनुभवों के आधार पर सहयोग करने की बात कही। कार्यक्रम में लगभग 70 आंत्रप्रेन्योर ने अपने अनुभव साझा किए और देशभर के साथ दुबई, मुंबई, नोएडा तथा महाराष्ट्र में व्यवसाय करने के इच्छुक समाजबंधुओं को सहयोग का भरोसा दिया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उत्तर पश्चिम रेलवे के आईआरएस अधिकारी संदीप जैन खटोड़ ने कहा कि हमारी जड़ें समाज में हैं और समाज ही हमारा सबसे बड़ा सहारा होता है। समाज के लोगों से परिचय और आपसी जुड़ाव होने से कई मुश्किलें आसान हो जाती हैं। ऐसे मंच लोगों को एक-दूसरे को समझने, उनके अनुभव जानने और सहयोग के अवसर तलाशने का मौका देते हैं।
चन्द्रोदय तीर्थ क्षेत्र चांदखेड़ी के अध्यक्ष हुकम जैन काका ने कहा कि जैन समाज की प्रतिभाएं अपनी कार्यशैली, क्षमता और मेहनत के दम पर देशभर में पहचान बना रही हैं। ये प्रतिभाएं अपने परिवार के साथ समाज को भी नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को वर्ष में कम से कम एक बार आयोजित करने की आवश्यकता जताई, ताकि समाज के लोग एक मंच पर आकर अपने विचार और अनुभव साझा कर सकें।
भाजपा शहर अध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि जब समाज के प्रत्येक व्यक्ति में सामूहिकता और समाजबंधुओं की मदद करने की भावना विकसित होगी, तब समाज की तरक्की निश्चित है। प्रांतीय अध्यक्ष राजेन्द्र ताथेड़िया ने कहा कि जैन समाज व्यापार, उद्योग, राजनीति और कॉर्पोरेट सेक्टर सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महावीर इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार जैन धनोप्या रहे। विशिष्ट अतिथि मेडिकल कॉलेज कोटा के प्राचार्य डॉ. नीलेश जैन ने प्रवासी संगोष्ठी के आयोजन को सराहनीय प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि समाजबंधु देश और दुनिया में जहां भी हों, उनके मन में समाज के उत्थान के साथ देश की तरक्की का भाव भी होना चाहिए।
प्रांतीय महामंत्री रमेशचंद ठग ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने और उन्हें आपस में जोड़ने का यह प्रयास सराहनीय है।
कार्यक्रम का शुभारंभ पदम, राजेन्द्र, हुकम काका, प्रकाश प्रतीक एवं दक्ष हरसौरा परिवार द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। मंडप उद्घाटन नाथूलाल, अशोक एवं संजय सांवला परिवार (लाम्बाखोह वाले) ने किया। सुरेश, निर्मल, सौरभ, सारांश एवं श्रेयांश हरसौरा परिवार ने दीप प्रज्ज्वलन किया।
कार्यक्रम संयोजक शिखर सेठिया और सुमित जैन सेंकी ने बताया कि संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य देश-विदेश में स्थापित समाज के उद्यमियों, युवाओं और प्रोफेशनल्स को एक मंच पर लाकर आपसी परिचय, व्यावसायिक सहयोग और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर राजेश जैन अरिहंत, नवीन दोराया, राजकुमार बाबरिया, अखिलेश खटोड़, आलोक जैन, नवीन सेठिया, अरविन्द बागड़िया, नरेश सुरलाया सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। संगोष्ठी में साझा हुए अनुभवों और सहयोग के भरोसे ने देश-विदेश में कार्यरत जैन समाज के उद्यमियों, युवाओं और प्रोफेशनल्स को आपसी जुड़ाव के माध्यम से आगे बढ़ने का साझा मंच प्रदान किया।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
