कोटा, 18 मार्च। शिक्षा नगरी कोटा में आस्था और राजस्थानी संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा, जहाँ अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन जिला कोटा एवं श्री जीण माता परिवार संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 21 मार्च को ईसर-गणगौर की भव्य शाही शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। महोत्सव का उल्लास चरम पर है और इसकी शुरुआत पूर्व कार्यक्रमों के साथ अत्यंत श्रद्धापूर्वक हो चुकी है। संगठन के अध्यक्ष राजेश मित्तल ने जानकारी दी कि महिलाओं द्वारा पूर्ण भक्ति भाव से जलेरी भरने के पश्चात सनातन धर्म मंदिर में गणगौर जी की विधि-विधान से स्थापना कर दी गई है। वर्तमान में महामंत्री रीना मित्तल के नेतृत्व में घर-घर जाकर ईसर-गणगौर को बिंदौरा देने की रस्म निभाई जा रही है, जहाँ पारंपरिक गीतों की गूंज और स्वल्पाहार के साथ उत्सव का आनंद लिया जा रहा है। इसी क्रम में दादाबाड़ी स्थित सनातन धर्म राम मंदिर पर महिलाओं के लिए विशेष मेहंदी और हल्दी का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

आयोजन की विशिष्टता को बढ़ाते हुए 21 मार्च को सामूहिक गणगौर उद्यापन का संकल्प लिया गया है। इस मुख्य आयोजन से पूर्व उद्यापन करने वाली महिलाओं द्वारा एसी वाले गणेश मंदिर पर लगभग 350 महिलाओं को सुहाग सामग्री भेंट कर सप्रेम भोजन करवाया जाएगा। श्री जीण माता परिवार के जितेंद्र गोयल के अनुसार, 21 मार्च को सायं 3:30 बजे शास्त्री नगर, दादाबाड़ी स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर से गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा का प्रस्थान होगा। इस यात्रा का मुख्य आकर्षण बग्घियों में विराजमान ईसर-गणगौर और शिव-पार्वती के स्वरूप की सजीव झांकियां होंगी, जिन्हें विशेष रूप से बस्सी से मंगवाकर कलात्मक ढंग से श्रृंगारित किया गया है। शोभायात्रा की भव्यता को कच्छी घोड़ी नृत्य, गैर नृत्य करती महिलाएं और बैंड-बाजे की मधुर स्वर लहरियां द्विगुणित करेंगी, जिसमें सर्वसमाज की महिलाएं सम्मिलित होकर धर्म लाभ प्राप्त करेंगी।

सांस्कृतिक संवर्धन के उद्देश्य से शोभायात्रा में सम्मिलित महिलाओं में से 'गणगौर महारानी', 'गणगौर क्वीन' और 'बनी-ठनी गणगौर' का चयन कर उन्हें विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष पहली बार पारंपरिक राजस्थानी व भारतीय लिबास में आने वाले पुरुषों को भी चयन के आधार पर सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही शोभायात्रा का हिस्सा बनने वाली समस्त गौरणियों को विशेष उपहार भेंट किए जाएंगे। इस वृहद आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने हेतु अग्रवाल संगठन के राजेंद्र गुप्ता, महेंद्र गर्ग, राजेश अग्रवाल, गायत्री मित्तल, अंजली गुप्ता, संतोष गर्ग, उर्मिला मित्तल, मुकेश जैन तथा जीण माता परिवार से विक्रम खंडेलवाल, महेंद्र गर्ग, मनोज खंडेलवाल, रवि अग्रवाल, प्रमोद सोनी, रवींद्र जिंदल एवं चंद्रमोहन गर्ग सक्रियता से जुटे हुए हैं। यह आयोजन न केवल धार्मिक निष्ठा का प्रतीक है, बल्कि कोटा की सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story