कोटा में हॉस्टल संचालकों की विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के निर्देश पर विद्युत विभाग, केईडीएल, चंबल हॉस्टल एसोसिएशन और कोटा व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक में कॉन्ट्रैक्ट लोड (सेक्शन लोड) कम करवाने, फिक्स्ड चार्ज में राहत और पहले लगाए गए अतिरिक्त शुल्क को लेकर चर्चा हुई। अधिकारियों ने व्यापारियों की मांगों पर समाधान का आश्वासन दिया।

चंबल हॉस्टल एसोसिएशन कोटा और कोटा व्यापार महासंघ ने विद्युत संबंधी समस्याओं को लेकर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर से मुलाकात कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया था। इसके बाद मंत्री ने अधिकारियों को बैठक कर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। इन निर्देशों के बाद बुधवार को चंबल हॉस्टल एसोसिएशन और कोटा व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की केईडीएल तथा विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों के साथ बैठक हुई।

बैठक में चंबल हॉस्टल एसोसिएशन के सदस्यों, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता, केईडीएल के जनरल मैनेजर राजेश पटोदी और अन्य संबंधित अधिकारियों ने हॉस्टल संचालकों की विद्युत समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। विद्युत कनेक्शन के फिक्स्ड चार्ज, कॉन्ट्रैक्ट लोड में कमी और पूर्व में लगाए गए अतिरिक्त शुल्क सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

चंबल हॉस्टल एसोसिएशन के अध्यक्ष विश्वनाथ शर्मा ने बताया कि हॉस्टल का स्वीकृत विद्युत भार पूर्ववत रहेगा। केवल कॉन्ट्रैक्ट लोड (सेक्शन लोड) को 50 किलोवॉट से कम करवाया जाएगा और इसके लिए कोई शुल्क नहीं लगेगा। इस प्रक्रिया में वर्तमान में लगे ट्रांसफॉर्मर, मीटर और अन्य विद्युत उपकरणों की व्यवस्था में बदलाव करने की आवश्यकता नहीं होगी।

कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि हॉस्टल संचालकों पर बिना पूर्व सूचना या नोटिस दिए लगाए गए अतिरिक्त फिक्स्ड चार्ज का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। पिछले माह लगाए गए अतिरिक्त फिक्स्ड चार्ज की राशि वापस करवाने के संबंध में कोटा के अधीक्षण अभियंता के साथ चर्चा कर समाधान किया जाएगा। पूर्व के महीनों के ऐसे अतिरिक्त शुल्क, जिनकी वसूली अभी तक नहीं हुई है, उन्हें भविष्य में नहीं वसूले जाने के विषय पर भी चर्चा हुई।

विद्युत बिल जमा करवाने की प्रक्रिया पर भी विचार किया गया। जिन हॉस्टल संचालकों को अपना कॉन्ट्रैक्ट लोड कम करवाना है, वे पिछले माह का विद्युत बिल अतिरिक्त फिक्स्ड चार्ज की राशि छोड़कर जमा करवाने की प्रक्रिया अपनाएंगे। इसके लिए उन्हें सकतपुरा अकाउंट ऑफिस जाकर अपनी डिमांड सही करवानी होगी। इसके बाद बिल चंबल हॉस्टल कार्यालय में जमा करवाना होगा। संबंधित अधिकारियों के साथ हुई चर्चा के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कॉन्ट्रैक्ट लोड कम करवाने के लिए आवेदन करने वाले हॉस्टल संचालकों को अपना आवेदन चंबल हॉस्टल एसोसिएशन कार्यालय में गुरुवार दोपहर 12 बजे तक जमा करवाना होगा। विश्वनाथ शर्मा ने बताया कि यदि कोई हॉस्टल संचालक अभी अपना कॉन्ट्रैक्ट लोड कम करवाता है और भविष्य में उसे दोबारा बढ़ाने की आवश्यकता होती है, तो अतिरिक्त लोड पर निर्धारित शुल्क देना होगा।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में कुल शुल्क 400 रुपये प्रति किलोवॉट है। इसमें से 250 रुपये प्रति किलोवॉट पहले ही जमा होने के कारण शेष 150 रुपये प्रति किलोवॉट अतिरिक्त बढ़ाए जाने वाले लोड पर देय होंगे। विश्वनाथ शर्मा ने सभी हॉस्टल संचालकों से इस अभियान में शामिल होकर इसका लाभ उठाने की अपील की।

बैठक में चंबल हॉस्टल एसोसिएशन के अध्यक्ष विश्वनाथ शर्मा, कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी, सचिव सतप्रीत सिंह, पूर्व सचिव अशोक लढ्ड़ा, संदीप अग्रवाल, विनोद गौतम, दिग्विजय शुक्ला, राजेश कटारिया, कैलाश अग्रवाल, राधेश्याम प्रजापत, मोहित, जितेंद्र पारीक और अनिल कुमावत सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक में तय प्रक्रिया के तहत कॉन्ट्रैक्ट लोड में कमी और अतिरिक्त फिक्स्ड चार्ज से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story