कोटा, 20 अगस्त। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के “हरा भरा कोटा–स्वच्छ कोटा” अभियान तथा राज्य सरकार के “हरियालो राजस्थान” और “एक पेड़ मां के नाम” जैसे जनकल्याणकारी अभियानों से प्रेरित होकर शुक्रवार को स्काउट गाइड मंडल प्रशिक्षण केंद्र, आलनिया में सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर, कोटा–बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन अभियान के तहत हुआ।

कार्यक्रम के दौरान परिसर में गुलमोहर, सहजन, आंवला, सेमल एवं कटहल सहित पर्यावरण हितैषी और उपयोगी पौधों के लगभग 200 पौधे रोपे गए। पौधों का चयन इस दृष्टि से किया गया कि भविष्य में वे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ छाया, फल एवं औषधीय गुणों के माध्यम से समाज को लाभ पहुंचाएं। उपस्थित प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया, ताकि सभी पौधे पूर्ण विकसित वृक्ष बन सकें।

वृक्षारोपण से पहले आयोजित संक्षिप्त मंचीय समारोह में मुख्य अतिथियों और वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विचार व्यक्त किए। राष्ट्रीय स्वाभिमान आंदोलन के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री गिरिराज गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी बन चुका है। उन्होंने कहा कि यदि आज वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष एवं स्काउट गाइड के जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने “जितने पौधे–उतने वृक्ष” की थीम को सार्थक बताते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और पालन-पोषण करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाए और उसे वृक्ष बनने तक उसकी जिम्मेदारी निभाए।

मंत्री जमनालाल गुर्जर ने कहा कि वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ सामूहिक भागीदारी को भी प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने युवाओं, विशेष रूप से स्काउट-गाइड सदस्यों से इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया और पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन सीओ स्काउट बृजसुंदर मीणा ने किया। उन्होंने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करते हुए सभी प्रतिभागियों को प्रेरित किया। एलओसी योगेंद्र भारद्वाज ने शिविर प्रतिवेदन प्रस्तुत कर अभियान की अब तक की गतिविधियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। अंत में जिला प्रशिक्षण आयुक्त गोपाल कृष्ण मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर शिक्षा सहकारी के डायरेक्टर दिनेश कुमार मीणा, सीओ गाइड प्रीति कुमारी, प्रधानाचार्य हिंगोनिया सियाराम मीणा, दया कृष्ण पंचोली, मुकेश कुमार मीणा, सुखदेव गुर्जर, मन राज गुर्जर, नीलम पारेता, योगिता महावर, राजा राम गुर्जर सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण, सर्विस रोवर-रेंजर एवं स्काउट-गाइड सदस्य मौजूद रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “जितने पौधे–उतने वृक्ष” की थीम दोहराते हुए लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल करने और उसे पूर्ण विकसित वृक्ष बनाने का संकल्प लिया। सामूहिक रूप से लिया गया यह संकल्प पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रयासों को आगे बढ़ाने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story