हरयालो राजस्थान अभियान के तहत सिद्धेश्वर पार्क में वृक्षारोपण, विधायक ने दिया संदेश
विज्ञान नगर स्थित सिद्धेश्वर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में विधायक और भाजपा कार्यकर्ताओं ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत छायादार पौधे लगाए।

कोटा के सिद्धेश्वर पार्क में 'हरयालो राजस्थान' अभियान के अंतर्गत सामूहिक रूप से पौधा रोपने के बाद उपस्थित विधायक संदीप शर्मा, राजेश कृष्ण बिरला एवं अन्य भाजपा कार्यकर्ता।
कोटा में ‘हरयालो राजस्थान’ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को विज्ञान नगर स्थित सिद्धेश्वर पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक संदीप शर्मा ने सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और स्वच्छ पर्यावरण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का निर्वहन आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि हमें अपने शहर को स्वस्थ और हरा-भरा रखना है तो केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘हरयालो राजस्थान’ जैसे अभियानों से अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में लोगों में सजावटी और शीघ्र बढ़ने वाले पौधे लगाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जबकि पर्यावरण संतुलन के लिए दीर्घायु और छायादार वृक्षों का रोपण अधिक आवश्यक है। उन्होंने बरगद, पीपल, नीम, बिल्व, गूलर, इमली, आम, जामुन, अर्जुन, कटहल और बबूल जैसे वृक्षों को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक उपयुक्त बताया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक अध्ययन का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में देश में लगभग 53 लाख छायादार और फलदार पेड़ों की कमी दर्ज की गई है, जो पर्यावरण के लिए गंभीर संकेत है। उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल प्राणवायु प्रदान करते हैं, बल्कि पृथ्वी के प्राकृतिक कूलिंग सिस्टम की तरह कार्य करते हैं, साथ ही मृदा क्षरण रोकने, पशु-पक्षियों के आवास और भोजन उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाए, तो आने वाले वर्षों में ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में कोटा नागरिक सहकारी बैंक के चेयरमेन राजेश कृष्ण बिरला, जिला प्रवक्ता प्रणय दुबे, पूर्व पार्षद विवेक मित्तल, दिलीप नायक, मंडल अध्यक्ष संजय त्रिपाठी, मंडल महामंत्री शंकर गेरा, सुरेश लखेरा, लाला सोनी, बॉबी टेलर, नंद किशोर वैष्णव, पवन नायक और अंकित नागर सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
