कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट के बाद पर्यटन पैकेजों में भारी बढ़ोतरी, 5 दिवसीय प्लान तैयार
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान ने बूंदी बैठक में कोटा, बूंदी, झालावाड़ और बारां को जोड़कर नया टूरिस्ट सर्किट बनाने और 2027 के लिए नया प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया।

बूंदी/कोटा। हाड़ौती क्षेत्र के पर्यटन मानचित्र पर एक बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। कोटा-हाड़ौती ट्रैवल मार्ट की सफलता के बाद क्षेत्र में आने वाले टूर पैकेजों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसी आगामी पर्यटन सीजन की तैयारियों को लेकर आज बूंदी स्थित होटल अनंता में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की एक महत्वपूर्ण मंथन बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता फेडरेशन के संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने की। बूंदी जिला इकाई के अध्यक्ष प्रदीप चांदवानी, सचिव लोकेश सुखवाल और कोषाध्यक्ष भगवान मंडावरा ने संयुक्त रूप से बताया कि देशभर के टूर ऑपरेटर अब विशेष रूप से हाड़ौती के लिए टूर पैकेज तैयार कर पर्यटकों को यहां भेज रहे हैं। हालांकि, वर्तमान में यह गतिविधियां मुख्य रूप से कोटा और बूंदी तक केंद्रित हैं, जिसे पूरे संभाग में विस्तारित करने की योजना पर बल दिया गया।
संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बैठक में स्पष्ट किया कि फेडरेशन का मुख्य उद्देश्य अब देशभर के टूर ऑपरेटरों के माध्यम से हाड़ौती के लिए एक विस्तृत 5 दिवसीय टूर प्लान तैयार करवाना है। इस प्रस्तावित प्लान में कोटा और बूंदी के साथ-साथ झालावाड़ एवं बारां के पर्यटन स्थलों को भी अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। बैठक के दौरान बूंदी इकाई के सदस्यों ने आगामी हाड़ौती ट्रैवल मार्ट का एक दिवसीय आयोजन बूंदी में भी रखने की पुरजोर मांग रखी। इस पर माहेश्वरी ने आश्वस्त किया कि अगले ट्रैवल मार्ट को चार दिवसीय बनाने के प्रयास जारी हैं, जिसमें दो दिन विशेष रूप से टूर ऑपरेटरों को संपूर्ण हाड़ौती क्षेत्र का भ्रमण कराया जा सके। जुलाई से प्रारंभ होने वाले नए पर्यटन सीजन में पर्यटकों की रिकॉर्ड आवक की संभावना को देखते हुए फेडरेशन निरंतर कार्य कर रहा है।
भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि 'ट्रैवल मार्ट 2027' का आधिकारिक प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जा चुका है, जिसकी शीघ्र स्वीकृति अपेक्षित है। साथ ही कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ के स्थानीय महोत्सवों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने हेतु एक विशेष कार्य योजना बनाई जा रही है। वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुकुंदरा टाइगर रिजर्व में सफारी हेतु 6 वाहनों का पंजीकरण कराया जा चुका है और चंबल सफारी में क्रूज एवं नई नावों के संचालन की प्रक्रिया भी गतिमान है। वहीं, बूंदी इकाई के अध्यक्ष प्रदीप चांदवानी ने रामगढ़ विषधारी अभयारण्य के मार्ग को दुरुस्त करने, जैत सागर में मशीन द्वारा जलकुंभी की सफाई कर पुनः नौकायन शुरू करने तथा रखरखाव के अभाव में बंद पड़े आरटीडीसी (RTDC) गेस्ट हाउस को शीघ्र पुनर्जीवित करने की मांग प्रमुखता से उठाई। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बूंदी इकाई के सहयोग की सराहना करते हुए प्रदीप चांदवानी, लोकेश सुखवाल और भगवान मंडावरा सहित अन्य पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह एवं दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया। यह बैठक हाड़ौती को एक एकीकृत वैश्विक पर्यटन हब बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
