राजस्थान के पर्यटन मानचित्र पर हाड़ोती अंचल को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के संकल्प के साथ जयपुर के एक निजी होटल में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान की प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष हुसैन खान की अध्यक्षता में आयोजित इस उच्च स्तरीय बैठक में राजस्थान पर्यटन विभाग के आला अधिकारियों और फेडरेशन के पदाधिकारियों ने शिरकत की, जिसमें 'कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट-2' की भव्य कार्ययोजना प्रस्तुत कर भविष्य की रणनीति पर मुहर लगाई गई। बैठक के दौरान पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक आनंद त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक दिलीप सिंह राठौड़, लेखा अधिकारी ताराचंद मण्डीवाल, देवी सहाय जाट, सहायक लेखा अधिकारी बुदराम यादव, कनिष्ठ लेखाकार अविनाश नागर सहित फेडरेशन के सचिव रणविजय सिंह, सह सचिव कृष्ण अवतार और कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हुसैन खान ने कहा कि होटल फेडरेशन और पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयासों से राज्य का पर्यटन विकास नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने विशेष रूप से कोटा, जोधपुर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, सवाई माधोपुर और बीकानेर जैसी संभाग इकाइयों के सक्रिय योगदान की सराहना की। खान ने गौरवपूर्ण ढंग से उल्लेख किया कि अब तक केवल जयपुर तक सीमित रहने वाले 'ट्रेवल मार्ट' जैसे विशाल आयोजनों को कोटा में सफलतापूर्वक आयोजित कर एक नया अध्याय लिखा गया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी और उनकी टीम के अथक प्रयासों को दिया, जिनके कारण पिछले एक वर्ष में हाड़ोती में पर्यटकों की आवाजाही में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। हुसैन खान ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में हाड़ोती राज्य के पर्यटन विकास का मुख्य सूत्रधार बनेगा, जो पूरे प्रदेश के पर्यटन को गतिशीलता प्रदान करेगा।

कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बैठक में आगामी 7 से 10 जनवरी 2027 को आयोजित होने वाले 'कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट-2' की विस्तृत कार्ययोजना का प्रस्ताव रखा। उन्होंने इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पर्यटन विभाग और फेडरेशन की सभी इकाइयों से पूर्ण सहयोग का आह्वान किया। माहेश्वरी ने आग्रह किया कि सभी संभाग इकाइयां अपने क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों को हाड़ोती के सौंदर्य से परिचित कराएं और उन्हें वहां भेजें। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रति हाड़ोती पर्यटन विकास में निरंतर मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक आनंद त्रिपाठी और संयुक्त निदेशक दिलीप सिंह राठौड़ ने हाड़ोती को पर्यटन की विपुल संभावनाओं वाला क्षेत्र बताते हुए कहा कि यहां हर श्रेणी के पर्यटन स्थल मौजूद हैं जो पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट और रोड शो के सकारात्मक प्रभावों का उल्लेख करते हुए कहा कि विभाग हाड़ोती के निरंतर प्रचार-प्रसार और प्रमोशन के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी संभागों की पर्यटन आइटनरी में अब हाड़ोती को प्राथमिकता से जोड़ा जा रहा है, जिसमें स्थानीय प्रशासन और जन प्रतिनिधियों का सहयोग भी अपरिहार्य है।

कार्यक्रम के दौरान कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पर्यटन विभाग के अधिकारियों और फेडरेशन के पदाधिकारियों, जिनमें प्रदेश पदाधिकारी सुभाष शर्मा, अंशुल सरावगी, भंवर यादव और जयपुर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप तिवारी शामिल थे, को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में होटल फेडरेशन के प्रदेश सचिव रणविजय सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए घोषणा की कि फेडरेशन जल्द ही एक नया रोड मैप तैयार कर सभी संभागों में बैठकें करेगा ताकि आपसी सामंजस्य के माध्यम से राजस्थान आने वाले पर्यटकों को राज्य के सभी विविध पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story