कोटा में तृतीय श्री वीर गुर्जर सामूहिक विवाह संपन्न, 60 जोड़े बने हमसफर
श्री देवनारायण मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने नवदम्पतियों को आशीर्वाद दिया।

कोटा के गणेश नगर स्थित खड़े गणेशजी श्री देवनारायण मंदिर परिसर में आयोजित तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान उपस्थित नवविवाहित जोड़े और अतिथि।
कोटा। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर कोटा के गणेश नगर स्थित खड़े गणेशजी श्री देवनारायण मंदिर परिसर में सामाजिक समरसता और संस्कारों का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री देवनारायण मंदिर ट्रस्ट के तत्वाधान में आयोजित तृतीय श्री वीर गुर्जर कन्या निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन में 60 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। भीषण गर्मी की चुनौतियों को दरकिनार कर कोटा शहर, ग्रामीण अंचलों और संपूर्ण हाड़ौती संभाग से उमड़े हजारों समाजबंधुओं के उत्साह ने इस आयोजन को एक उत्सव में बदल दिया, जहां नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा।
आयोजन की गरिमा बढ़ाते हुए मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुर्जर समाज के गौरवशाली इतिहास को रेखांकित करते हुए कहा कि यह सम्मेलन समाज के त्याग, सेवा और समर्पण की जीवंत परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गुर्जर समाज का शौर्य और स्वाभिमान का इतिहास, चाहे वह रियासत काल हो या स्वतंत्रता संग्राम, आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। विशिष्ट अतिथि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सामूहिक विवाह को वर्तमान समय की महती आवश्यकता बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से फिजूलखर्ची पर अंकुश लगता है और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को संबल मिलता है। उन्होंने समाज के सक्षम वर्ग से आह्वान किया कि वे ऐसे पुनीत कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग करें।
श्री देवनारायण मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवराज गुंजल के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य समारोह में शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती राखी गौतम, डॉ. बद्री गोचर, डॉ. बीएल गोचर, पूर्व प्रधान मन्नालाल गुर्जर, नेवालाल खींची और सुरेश गुर्जर सहित कई गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की, जिनका माला एवं साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। मंदिर परिसर से गाजे-बाजे के साथ निकली दूल्हों की निकासी का कस्बे में जगह-जगह भव्य अभिनंदन हुआ। मुख्य मंच पर एक साथ 7 से 8 जोड़ों द्वारा वरमाला की रस्म अदायगी ने उपस्थित जनसमूह को उल्लास से भर दिया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी धार्मिक रस्में संपन्न कराई गईं।
ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवराज गुंजल ने जानकारी दी कि भामाशाहों के सहयोग से प्रत्येक जोड़े को उपहार स्वरूप घरेलू आवश्यकता का संपूर्ण सामान प्रदान किया गया, जिसमें दुल्हन का लहंगा, पलंग, ड्रेसिंग टेबल, गद्दे, तकिए, कूलर, चांदी की पायल, सोने की लोंग और स्टील के 45 बर्तन शामिल थे। ट्रस्ट के संरक्षक रामलाल गुंजल ने सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए बताया कि इस तीसरे सम्मेलन में लगभग 15 हजार लोगों के लिए प्रीतिभोज की व्यवस्था की गई थी। भीषण गर्मी को देखते हुए जम्बो कूलर और पानी के टैंकरों के व्यापक इंतजाम किए गए थे, वहीं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पूरे आयोजन को प्लास्टिक डिस्पोजल मुक्त रखा गया। इस वृहद आयोजन की सफलता में संयोजक लोकेश पोसवाल, हरीश खटाना, नंदलाल कसाना, महावीर धगाल, राजू खटाना, देवराज बढ़ियावल, देवराज खटाना, डीपी भदाना, सांवरिया गुर्जर, रामलाल कटारिया और हंसराज बोड़ सहित समस्त पदाधिकारियों ने समर्पित भूमिका निभाई।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
