सुरों की महफिल में गजल, बॉलीवुड क्लासिक्स और सूफी संगीत से सजेगी कोटा की शाम
कोटा में 3 अक्टूबर को ‘गीतांजलि’ लाइव म्यूजिकल इवनिंग में जाजिम शर्मा और अलीना भारती गजल, बॉलीवुड क्लासिक्स और सूफी संगीत की प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम शाम 7:30 बजे श्रीनाथपुरम में होगा।

तस्वीर में बाएं तरफ गायिका अलीना भारती हरे रंग के पारंपरिक परिधान में माइक के पास और दाएं तरफ गजल गायक जाजिम शर्मा सफेद कोट में नजर आ रहे हैं.
कोटा में 3 अक्टूबर की शाम गजल, बॉलीवुड क्लासिक्स और सूफी संगीत की प्रस्तुतियों से सजेगी। सृजन द स्पार्क कोटा की ओर से ‘गीतांजलि’ लाइव म्यूजिकल इवनिंग का आयोजन शनिवार शाम 7:30 बजे श्रीनाथपुरम सेक्टर-ए स्थित निजी स्कूल के ऑडिटोरियम में किया जाएगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लाडपुरा की विधायक कल्पना देवी रहेंगी।
प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रदीप सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके गजल गायक जाजिम शर्मा और कोटा की गायिका अलीना भारती प्रस्तुतियां देंगी। दोनों कलाकार गजल, पुराने बॉलीवुड गीतों और सूफी संगीत की अलग-अलग विधाओं को मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
सृजन द स्पार्क कोटा के अध्यक्ष डॉ. विजय सरदाना और सचिव संजीव अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में ‘सोलफुल गजल्स’, ‘एवरग्रीन बॉलीवुड क्लासिक्स’ और सूफी संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। गजल की शास्त्रीय गहराई से लेकर पुराने फिल्मी गीतों और सूफियाना अंदाज तक, कार्यक्रम में संगीत की विभिन्न रंगत प्रस्तुत की जाएगी।
उपाध्यक्ष अनिमेष जैन एवं कोषाध्यक्ष विकास अजमेरा ने बताया कि जाजिम शर्मा गजल गायकी में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं। हिंदी, उर्दू और पंजाबी में गायन करने वाले जाजिम ठुमरी और गजल में राष्ट्रीय स्तर के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। उन्होंने पंजाब से संगीत में स्नातक तथा मुंबई विश्वविद्यालय से संगीत में एमए किया है।
वर्ष 2012 में ‘सा रे गा मा पा’ के मंच पर जाजिम शर्मा ने ‘शहजादा-ए-गजल’ की पहचान हासिल की और गजल गायक के रूप में फिनाले तक पहुंचने वाले कलाकार बने। इसके बाद वर्ष 2014 में फिल्म ‘डेढ़ इश्किया’ के गीत ‘क्या होगा’ से उनका बॉलीवुड सफर शुरू हुआ। फिल्म ‘मनमर्जियां’ के ‘ग्रे वाला शेड’ और ‘चोंच लड़ियां’ जैसे गीतों ने भी उन्हें व्यापक श्रोताओं तक पहुंचाया।
कार्यक्रम की दूसरी प्रमुख कलाकार अलीना भारती जयपुर की गायिका हैं और सेनिया घराने की संगीत परंपरा से जुड़ी हैं। गजल, ओल्ड बॉलीवुड क्लासिक्स और सूफी संगीत की प्रस्तुतियों के लिए पहचानी जाने वाली अलीना सीसीआरटी स्कॉलरशिप प्राप्त कलाकार और रेडियो-प्रमाणित गायिका हैं। वह ‘सा रे गा मा पा’ के टॉप-30 प्रतिभागियों में रह चुकी हैं तथा ‘सुपर सिंगर राजस्थान’ की विजेता भी हैं।
अलीना भारती पद्मश्री हरिहरन के साथ भी मंच साझा कर चुकी हैं और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के विभिन्न मंचों पर प्रस्तुतियां दे चुकी हैं। सृजन द स्पार्क कोटा के अध्यक्ष डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि जाजिम शर्मा और अलीना भारती की प्रस्तुतियां संगीतप्रेमियों के लिए खास अनुभव रहेंगी।
सचिव संजीव अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रदीप सिंह गौर हैं। उपाध्यक्ष अनिमेष जैन ने बताया कि कार्यक्रम 3 अक्टूबर को शाम 7:30 बजे शुरू होगा। प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रदीप सिंह ने बताया कि दर्शकों के प्रवेश के लिए गेट नंबर-2 निर्धारित किया गया है।
कोषाध्यक्ष विकास अजमेरा और सहकोषाध्यक्ष अनिश बिरला, राजकुमार जैन, कुलदीप माथुर, मनीष पाटनी, कपील सिद्धार्थ सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
