कोटा। गौतम जयंती एवं हिंदू नववर्ष संवत्सर के पावन अवसर पर भीषण गर्मी के दृष्टिगत आमजन की सुविधा हेतु एक सराहनीय मानवीय पहल की गई है। औद्योगिक क्षेत्र रायपुरा स्थित श्री गौतमेश्वर दक्षिणमुखी बालाजी मन्दिर परिसर में शीतल जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पत्रकार रमेश चंद्र गौतम (लांबाखोह वाले) एवं उनके परिवार द्वारा वाटर कूलर भेंट किया गया। यह पुनीत कार्य रमेश चंद्र गौतम ने अपने ज्येष्ठ पुत्र स्व. सुधांशु एवं पुत्र-वधू स्व. भारती गौतम की पावन स्मृति में किया है, जिसमें माया गौतम, प्रियांशु गौतम, सोनम गौतम व शुभ गौतम ने सक्रिय रूप से सामाजिक सरोकार की जिम्मेदारी निभाई।

वाटर कूलर का विधिवत उद्घाटन महर्षि गौतम आदर्श विकास समिति, औद्योगिक क्षेत्र रायपुरा के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। पंडित बुद्धि प्रकाश द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन करवाकर जल सेवा का आरंभ किया गया, जिसके पश्चात मन्दिर में भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। इस दौरान समिति की कार्यकारिणी द्वारा मुख्य अतिथियों का साफा बांधकर, दुपट्टा ओढ़ाकर, मोतियों की माला पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य अभिनंदन किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रमेश चंद्र गौतम ने भावुक स्वर में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य अनुसार सेवा कार्यों में योगदान देना चाहिए। उन्होंने आधुनिक परिवेश में बच्चों के लिए उच्च शिक्षा के साथ-साथ सुदृढ़ संस्कारों की आवश्यकता पर बल दिया और युवाओं को स्वयं के रोजगार की दिशा में अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। समिति के संरक्षक गोविंद प्रसाद गौतम ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि बढ़ते तापमान के बीच स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए यह शीतल जल सेवा अत्यंत कल्याणकारी सिद्ध होगी। उन्होंने उल्लेख किया कि दक्षिण मुखी बालाजी एवं महादेव मंदिर आस्था का बड़ा केंद्र है, जहां निकट ही एक विद्यालय और अन्य मंदिर भी स्थित हैं, जिससे इस वाटर कूलर का लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिलेगा।

कार्यक्रम का सफल संचालन संजय गौतम द्वारा किया गया। समिति अध्यक्ष लोकेश गौतम ने जानकारी दी कि इससे पूर्व महर्षि गौतम प्राकट्य महोत्सव के उपलक्ष्य में कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा महर्षि गौतम का जलाभिषेक, हवन-पूजन एवं महाप्रसादी का वितरण भी हर्षोल्लास के साथ किया गया था। इस गरिमामय अवसर पर संरक्षक गोविंद प्रसाद गौतम, अध्यक्ष लोकेश गौतम, पंडित बुद्धि प्रकाश, संजय गौतम, चेतन प्रकाश, हनुमान गौतम, योगेंद्र, राजेंद्र गौतम, शिव कुमार गौतम, श्रीधर गौतम सहित बड़ी संख्या में समाज के बंधु एवं मातृशक्ति उपस्थित रही। यह आयोजन समाज में सेवा भाव और पितृ स्मृति को जीवंत रखने का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story