कोटा, 20 मार्च। औद्योगिक क्षेत्र रायपुरा स्थित श्री गौतमेश्वर दक्षिणमुखी बालाजी मंदिर परिसर में गौतम जयंती एवं हिंदू नववर्ष संवत्सर के पावन अवसर पर सामाजिक सरोकार की एक अनुपम मिसाल पेश की गई। भीषण गर्मी के मौसम में आमजन, कॉलोनीवासियों और राहगीरों को शीतल जल की सुविधा उपलब्ध कराने के पुनीत उद्देश्य से पत्रकार रमेश चंद्र गौतम (लांबाखोह वाले) ने अपने ज्येष्ठ पुत्र और पुत्र-वधू स्वर्गीय सुधांशु-भारती गौतम की पावन स्मृति में सपरिवार वाटर कूलर भेंट किया। इस सेवा कार्य में माया गौतम, प्रियांशु गौतम, सोनम गौतम एवं शुभ गौतम ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपनी श्रद्धा निवेदित की।

इस जल सेवा प्रकल्प का विधिवत उद्घाटन महर्षि गौतम आदर्श विकास समिति, औद्योगिक क्षेत्र रायपुरा की कार्यकारिणी और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में पंडित बुद्धि प्रकाश द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुआ। उद्घाटन के पश्चात मंदिर में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। समारोह के दौरान समिति की कार्यकारिणी द्वारा पधारे हुए अतिथियों का साफा बंधवाकर, दुपट्टा ओढ़ाकर, मोतियों की माला पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रमेश चंद्र गौतम ने भावुक स्वर में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को मानव सेवा के कार्यों में यथासंभव सहयोग करना चाहिए। उन्होंने भावी पीढ़ी के निर्माण पर बल देते हुए कहा कि बच्चों के लिए उच्च शिक्षा के साथ-साथ सुसंस्कारित होना भी अनिवार्य है, साथ ही उन्होंने युवाओं को स्वयं के रोजगार की ओर अग्रसर होने हेतु प्रेरित किया। समिति के संरक्षक गोविंद प्रसाद गौतम ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के बीच यह वाटर कूलर स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने बताया कि इस मंदिर में बड़ी संख्या में लोग दर्शनार्थ आते हैं और समीप ही एक विद्यालय एवं अन्य मंदिर स्थित होने के कारण यहां शीतल जल की महती आवश्यकता थी।

कार्यक्रम का कुशल संचालन संजय गौतम द्वारा किया गया। समिति के अध्यक्ष लोकेश गौतम ने जानकारी दी कि इससे पूर्व महर्षि गौतम प्राकट्य महोत्सव के उपलक्ष्य में कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा महर्षि गौतम का जलाभिषेक, विधि-विधान से हवन-पूजन एवं महाप्रसादी का वितरण भी किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर गोविंद प्रसाद गौतम, लोकेश गौतम, बुद्धि प्रकाश, संजय गौतम, चेतन प्रकाश, हनुमान गौतम, योगेंद्र, राजेंद्र गौतम, शिव कुमार गौतम, श्रीधर गौतम सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और गौतम समाज के बंधु उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल स्मृति शेष को दी गई एक भावांजली थी, बल्कि बढ़ती तपिश में जन-जन को राहत पहुँचाने का एक सार्थक प्रयास सिद्ध हुआ।

Updated On
Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story