कोटा, 5 फरवरी।


आयोजन का परिचय एवं मुख्य अतिथि

अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के अंतर्गत शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे वन एवं वन्यजीव संरक्षण पखवाड़े के अंतर्गत गुरुवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नयागांव तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आंवली में संगोष्ठी एवं जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

  • मुख्य अतिथि: प्रकाश जायसवाल (जिला प्रधान, राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड)
  • अध्यक्षता: भूपेंद्र अग्रवाल (प्रधानाचार्य)
  • विशिष्ट अतिथि: वंदना रावल (प्रधानाचार्या) एवं दिनेश कुमार मीणा (डायरेक्टर, शिक्षा सहकारी सभा)
  • उपस्थिति: नरेश, सीमा मीणा, निशा जोशी, रघुबीर मेघवाल सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं।

जन-जागरूकता रैली का मार्ग

संगोष्ठी के उपरांत अतिथियों द्वारा जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली विद्यालय से प्रारंभ होकर रणबंका सर्कल, राधा-कृष्ण मंदिर, रावतभाटा रोड होते हुए विद्यालय परिसर में संपन्न हुई।


अतिथियों के विचार एवं संबोधन

मुख्य अतिथि प्रकाश जायसवाल ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि:

"वन केवल हरियाली के लिए नहीं नहीं, बल्कि मानव जीवन की आधारशिला हैं। यदि आज हमने वनों और वन्यजीवों को नहीं बचाया तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ेगा। स्काउट-गाइड एवं विद्यार्थी इस अभियान के सशक्त प्रहरी बन सकते हैं।"

प्रधानाचार्य भूपेंद्र अग्रवाल ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि:

"वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है। हर छात्र यदि एक पेड़ लगाए और उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण का सपना साकार हो सकता है।"

विशिष्ट अतिथि दिनेश कुमार मीणा ने सहकारिता और पर्यावरण के संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि:

"सहकारिता का मूल भाव ‘साथ चलने’ का है और प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर चलना ही सच्ची सहकारिता है। “एक पेड़ माँ के नाम” की भावना के साथ वृक्षारोपण करें और पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाएं।"

आंवली में जनजागरण रैली एवं गतिविधियां

इसी क्रम में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आंवली में भी शिक्षा सहकारी के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में संगोष्ठी एवं जन-जागरूकता रैली आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाध्यापिका द्वारा की गई।

सहभागी सदस्य:

  • स्काउट-गाइड प्रभारी मंजू कुमारी, कमलेश कोड़प, कमलेश नामा, अर्चना सोनी, अंतिमा मेहरा, भारती महावर, योगिता महावर, जिया मेघवाल, तनु वैष्णव, गीत जांगिड़ सहित स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं।

रैली विद्यालय से प्रारंभ होकर देव नारायण मंदिर, मुख्य मार्ग एवं विभिन्न आवासीय क्षेत्रों से गुजरते हुए आंवली विद्यालय पहुंची।


प्रमुख नारे और संकल्प

रैली के दौरान छात्र-छात्राएं विभिन्न नारों के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते नजर आए:

  • “वनों को बचाना है – जीवन को बचाना है”
  • “बंजर भूमि करे पुकार – वृक्ष लगाकर करो श्रृंगार”
  • “वृक्षारोपण पुण्य महान – एक वृक्ष सौ पुत्र समान”
  • “पेड़ बचेगा – जीवन बचेगा”

कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण का संकल्प लिया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story