राजस्थान की शैक्षणिक और पर्यटन नगरी कोटा ने आज औद्योगिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर स्थापित किया है। शहर को अपना पहला निजी औद्योगिक पार्क 'अर्बना टेक्नोपार्क' के रूप में मिल गया है, जिसका भव्य शुभारंभ समारोह आज संपन्न हुआ। इस अवसर पर विभिन्न औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के हजारों पदाधिकारियों, प्रतिष्ठित उद्योगपतियों, युवा उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने शिरकत कर इसे कोटा के स्वर्णिम भविष्य के लिए एक निर्णायक पहल करार दिया। समारोह के मुख्य आकर्षणों में अखिल भारतीय माहेश्वरी समाज एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश बिरला, दी एस.एस.आई. एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद राम मित्तल, कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (कोटा डिवीजन) के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, मोशन के निदेशक नितिन विजय, विख्यात बिल्डर दीपक राजवंशी और जनप्रतिनिधि पंकज मेहता सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने उद्यमियों का मार्गदर्शन करते हुए इसे निवेश के लिए एक उत्कृष्ट अवसर बताया। कंपनी के निदेशक अनिल मूंदड़ा ने जानकारी दी कि इस परियोजना में दी एस.एस.एस.आई. एसोसिएशन, कोटा व्यापार महासंघ, लघु उद्योग भारती कोटा, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (कोटा डिवीजन), कोटा मोटर्स डीलर्स एसोसिएशन, ऑल इंडिया ट्रेडर्स एसोसिएशन और कोटा हाड़ौती कोटा स्टोन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन सहित कई प्रमुख संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही। उपस्थित उद्यमियों ने परियोजना की अत्याधुनिक संरचना और सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे युवा उद्यमियों के लिए 'ड्रीम प्रोजेक्ट' की संज्ञा दी।

कंपनी निदेशक बी.डी. मूंदड़ा और अनिल मूंदड़ा ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि अर्बना टेक्नोपार्क केवल औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उद्योगों के समग्र विकास के लिए एक संपूर्ण इकोसिस्टम प्रदान करता है। अनिल मूंदड़ा ने भावुक होते हुए कहा कि कोटा एक बार फिर औद्योगिक नगरी का ताज पहनेगा और अर्बना टेक्नोपार्क उस ताज की पहली कड़ी साबित होगा। उन्होंने बल दिया कि वे केवल जमीन नहीं बेच रहे, बल्कि एक उद्यमी के सपनों को साकार करने में भागीदार बन रहे हैं। राजेश बिरला ने इस अवसर पर कहा कि कोटा पुनः अपनी औद्योगिक पहचान की ओर बढ़ रहा है, जहाँ इस पार्क की सरल प्रक्रिया के माध्यम से युवा उद्यमियों को अपनी इकाइयां स्थापित करने में बड़ी मदद मिलेगी।

होटल फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि मुकुंदरा अभ्यारण्य के समीप और 8-लेन सड़क से सीधे जुड़ा होने के कारण यह क्षेत्र होटल और पर्यटन उद्योग के लिए भी सुनहरा मौका है। वहीं, गोविंद राम मित्तल ने कहा कि कोटा में लंबे समय से तैयार औद्योगिक भूमि का अभाव था, जिसे इस परियोजना ने दूर कर दिया है। जयपुर से आए विशेषज्ञों ने उद्योग स्थापना की तकनीकी, वित्तीय और प्रबंधकीय बारीकियों को साझा किया और भविष्य में भी निरंतर कंसल्टेंसी सेवाएं देने का आश्वासन दिया।

परियोजना के तकनीकी और विधिक पक्षों पर प्रकाश डालते हुए भारत एलएलपी के कुणाल गुप्ता और सहज पोद्वार ने बताया कि प्रथम चरण में 2,29,000 वर्गमीटर का औद्योगिक एवं वाणिज्यिक क्षेत्र विकसित किया गया है। यहाँ 500 से लेकर 20,000 वर्गमीटर तक के भूखंड उपलब्ध हैं, जो नए और स्थापित दोनों प्रकार के उद्यमियों के लिए अनुकूल हैं। परियोजना की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके औपचारिक शुभारंभ से पहले ही 70,000 वर्गमीटर से अधिक की भूमि विक्रय हो चुकी है। यह परियोजना पूरी तरह रेरा (RERA) पंजीकृत है और जिला कलेक्टर द्वारा इसका ले-आउट प्लान अनुमोदित है। निवेशकों को राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना (RIPS) के तहत विशेष सरकारी लाभ भी प्राप्त होंगे।

पवन मूंदड़ा ने परियोजना की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि अर्बना टेक्नोपार्क NH-52 पर मंडाना टोल प्लाजा के समीप, कोटा-झालावाड़ हाईवे पर शहर से लगभग 22 किमी की दूरी पर स्थित है। यह एक 'रेडी-टू-यूज़' इंडस्ट्रियल लैंड है जहाँ बिजली, पानी और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं पूर्णतः विकसित हैं। समारोह के अंत में कोटा, जयपुर और राज्य के अन्य शहरों से आए व्यापारियों ने क्षेत्र का भ्रमण कर आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का अवलोकन किया। यह पहल न केवल कोटा को पुनः औद्योगिक मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करेगी, बल्कि रोजगार के हजारों नए अवसर भी सृजित करेगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story