'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' एवं 'पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन पखवाड़े' के अंतर्गत विश्व पर्यावरण दिवस पर कोटा में शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां तथा राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में पांच प्रमुख स्थानों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का मूल उद्देश्य जल संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति समाज में चेतना जागृत करना रहा।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल केशवपुरा में आयोजित कार्यक्रम में जल एवं पर्यावरण जनजागरण रैली, पोस्टर और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सहायक जिला कमिश्नर गाइड श्रीमती नीलम त्रिपाठी रहीं। मुख्य वक्ता के रूप में परिवार प्रबोधन के चित्तौड़ प्रांत संयोजक रामविलास रैगर ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष एवं स्काउट-गाइड जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने अध्यक्षता की, जबकि सपना अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। शिक्षाविद् गिरिराज जोशी ने स्वागत भाषण दिया और हरिप्रसाद बुलीवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। यहां प्रतीकात्मक रूप से तुलसी का पौधा भी रोपा गया।

अनंतपुरा अकादमी में आयोजित संगोष्ठी और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पर्यावरणविद् एवं समाजसेवी हेमराज पांचाल ने पर्यावरण संतुलन के लिए वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण को अनिवार्य बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रकाश जायसवाल ने की। राष्ट्रपति अवार्डी एवं समाजसेवी ललित सोनी तथा शिक्षाविद् असलम खान विशिष्ट अतिथि रहे। मायझा ने कार्यक्रम का संचालन किया तथा प्रधानाचार्या ने आभार व्यक्त किया।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नयागांव में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा सहकारी सभा के मंत्री जमनालाल गुर्जर थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय संचालक कमलकुमार शर्मा ने की, वहीं अनुराधा शर्मा विशिष्ट अतिथि रहीं। यहां पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोझड़ी में निबंध, मेहंदी एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से पर्यावरण का संदेश दिया गया। इसके मुख्य अतिथि सहायक राज्य संगठन आयुक्त दिलीप माथुर थे, जबकि अध्यक्षता सीओ स्काउट सुंदर मीणा ने की। स्काउटिंग यूथ फोरम के जिला अध्यक्ष मनराज गुर्जर विशिष्ट अतिथि रहे। इस अवसर पर कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर के संचालक मुकेश जांगिड़, सह-संचालक प्रदीप गौतम एवं ज्योति राजौरा उपस्थित रहे।

सायंकाल आंवली गांव के वन क्षेत्र में एक व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। जानकी देवी बजाज कला कन्या महाविद्यालय की पूर्व छात्रा संघ अध्यक्ष प्रेरणा जायसवाल मुख्य अतिथि थीं। अध्यक्षता प्रकाश जायसवाल ने की और डायरेक्टर दिनेश कुमार मीण विशिष्ट अतिथि रहे। यूनिट लीडर अंतिमा मेहरा, योगिता महावर, जितेंद्र पंचोली, मांगी लाल गुर्जर, कार्तिक जायसवाल, मयंक नागर सहित वन विभाग और स्काउट-गाइड परिवार के कार्यकर्ताओं ने 51 पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इन आयोजनों में केशवपुरा, नयागांव, मां कल्याणी ओपन रेंजर टीम, सरोजिनी नायडू ओपन गाइड कंपनी एवं लाल बहादुर शास्त्री ओपन स्काउट ट्रूप के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम संयोजक योगिता महावर ने स्पष्ट किया कि जल एवं पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान आगामी दिनों में भी स्वच्छता एवं वृक्षारोपण के माध्यम से निरंतर जारी रहेगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story