कोटा में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन पखवाड़े का शुभारंभ
शिक्षा सहकारी सभा और स्काउट गाइड के संयुक्त तत्वावधान में 21 मई से 6 जून तक विभिन्न जागरूकता एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

कोटा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केशवपुरा में गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन पखवाड़े के शुभारंभ अवसर पर मंचासीन अतिथि (बाएं से दाएं) सपना अग्रवाल, योगिता महावर, हरि प्रसाद बुलीवाल, रामविलास रैगर, गिरिराज जोशी और प्रकाश जायसवाल।
शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर, कोटा-बारां तथा राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन पखवाड़े का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। यह पखवाड़ा 21 मई से 6 जून तक विभिन्न जागरूकता एवं सेवा गतिविधियों के साथ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन तथा वन एवं वन्य जीवों के प्रति जनचेतना विकसित करना बताया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षाविद एवं समाजसेवी रामविलास रैगर उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष एवं स्काउट गाइड जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में हरि प्रसाद बुलीवाल, गिरिराज जोशी एवं सपना अग्रवाल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की अत्यंत आवश्यक जरूरत बताते हुए नागरिकों से प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि रामविलास रैगर ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से अधिकाधिक पौधारोपण करने तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रकाश जायसवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी अनिवार्य है तथा स्काउट-गाइड संगठन समाज में सेवा और जागरूकता का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पखवाड़े के दौरान विभिन्न वर्गों को जोड़कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक एवं गाइड कैप्टेन योगिता महावर ने पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन एवं वन्य जीव संरक्षण, स्वच्छता अभियान, अमृत जलम कार्यक्रम, पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी व्यवस्था, पौधारोपण, पौधों की देखरेख, संगोष्ठी, नर्सरी प्रशिक्षण एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही जनजागरण हेतु मानव श्रृंखला, रैली, नुक्कड़ नाटक तथा विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि वन एवं वन्य जीव संरक्षण विषय पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पखवाड़े के समापन अवसर पर सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में स्काउट-गाइड सदस्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन नीलम पारेता ने किया तथा अंत में आभार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया गया।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
