कोटा। राजस्थान की आर्थिक मजबूती में किसानों और व्यापारियों की भूमिका को अहम बताते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि दोनों वर्ग प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी खुशहाली से ही समृद्धि का रास्ता खुलेगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार की नीतियों से किसान और व्यापारी दोनों खुश हैं। समय पर नहरों में सिंचाई का पानी छोड़े जाने से इस वर्ष क्षेत्र में फसलों की बंपर पैदावार हुई है।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने गुरुवार, 12 नवंबर को कोटा की प्रतिष्ठित सेठ भामाशाह मंडी में कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स मर्चेंट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित भव्य मुहूर्त समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में लाडपुरा विधायक कल्पना देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। एसोसिएशन अध्यक्ष अविनाश राठी ने बताया कि समारोह में बड़ी संख्या में व्यापारी, किसान और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री नागर ने कहा कि कोटा हमेशा से व्यापार, शिक्षा और ऊर्जा के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान रखता है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था में यहां के व्यापारियों और अन्नदाता किसानों का अभूतपूर्व योगदान है। उन्होंने इस वर्ष की कृषि परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मानसून के दौरान बारिश में कुछ कमी रहने के बावजूद डबल इंजन की भाजपा सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोपरि रखा। सरकार की ओर से समय पर नहरों में सिंचाई का पानी छोड़े जाने से किसानों की मेहनत सफल हुई और क्षेत्र में फसलों की बंपर पैदावार हुई।

ऊर्जा मंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के कुशल मार्गदर्शन में राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ऊर्जा विभाग की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार किसानों को कृषि कार्यों के लिए तथा उद्योगों और व्यापारियों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मंत्री नागर ने कहा कि राज्य में ऊर्जा तंत्र को मजबूत बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। सरकार का प्रयास है कि बिजली की कमी के कारण न तो कृषि कार्य प्रभावित हों और न ही व्यापारिक गतिविधियों में किसी तरह की बाधा आए। कृषि और व्यापार दोनों क्षेत्रों को बिजली की निर्बाध आपूर्ति उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

वहीं, विधायक कल्पना देवी ने कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स मर्चेंट्स एसोसिएशन और समस्त व्यापारी बंधुओं को नए व्यापारिक सत्र के मुहूर्त की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाला समय व्यापारियों और किसानों के लिए भारी समृद्धि एवं सफलता लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर समर्थ और विकसित राजस्थान के निर्माण में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story