बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं में आक्रोश, हिम्मत सिंह ने जांच और जेवीवीएनएल बहाली की उठाई मांग
कोटा में बढ़े बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ी। हिम्मत सिंह ने अधिक वसूली की जांच, राशि वापसी और जेवीवीएनएल बहाल करने की मांग उठाई।

कोटा में पिछले कुछ महीनों से बिजली बिलों में कथित रूप से हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर आमजन में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। राजस्थान बिजली उपभोक्ता संरक्षण समिति के संयोजक हिम्मत सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके पास लगातार बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायतें पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि यही स्थिति बिजली विभाग के कार्यालयों में भी देखने को मिल रही है, जहां बड़ी संख्या में उपभोक्ता बढ़े हुए बिलों की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
हिम्मत सिंह ने आरोप लगाया कि बड़े बिजली बिलों की शिकायत करने पर विभाग में उपभोक्ताओं की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उनका कहना है कि यदि कोई उपभोक्ता लिखित शिकायत देता है तो उसकी रिसीविंग तक नहीं दी जाती। इसके अलावा, पार्ट पेमेंट जमा कराने पर भी उपभोक्ताओं पर पूरा बिल जमा करने का दबाव बनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई उपभोक्ता मीटर रीडिंग अधिक आने की शिकायत करता है तो उससे 35 रुपये की रसीद कटवाकर रीडिंग को सही बता दिया जाता है। उनका आरोप है कि इस प्रकार उपभोक्ताओं का खुले तौर पर शोषण किया जा रहा है।
हिम्मत सिंह ने कहा कि पूर्व एवं वर्तमान में हुए कथित भ्रष्टाचार तथा एग्रीमेंट के उल्लंघन से संबंधित सभी सबूत संबंधित अधिकारियों को दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक संबंधित कंपनी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने मांग की कि बिजली उपभोक्ताओं से अधिक वसूली गई राशि की निष्पक्ष जांच कर उसे उपभोक्ताओं को वापस लौटाया जाए। साथ ही वर्तमान बिजली कंपनी को हटाकर पुनः सरकारी जेवीवीएनएल की व्यवस्था लागू की जाए तथा बिजली दरों में कमी कर आमजन को राहत प्रदान की जाए। यह मांग राजस्थान बिजली उपभोक्ता संरक्षण समिति के संयोजक हिम्मत सिंह ने उठाई है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
