आचार्य प्रज्ञासागर जी के ‘एक करोड़ वृक्ष’ अभियान को मिली नई रफ्तार, कोटा में 11 हजार पौधों के संरक्षण का संकल्प
कोटा में आचार्य श्री 108 प्रज्ञासागर जी मुनिराज की प्रेरणा से संचालित ‘एक करोड़ वृक्ष’ अभियान को नई गति मिली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सहयोग से प्रथम चरण में 51 पौधों का रोपण हुआ, जबकि वर्षा ऋतु में 11 हजार पौधों के रोपण एवं संरक्षण का संकल्प लेकर 250 से अधिक लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कोटा में राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार के सदस्य 'एक करोड़ वृक्ष' अभियान के पोस्टर के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए।
कोटा में तपोभूमि प्रणेता आचार्य श्री 108 प्रज्ञासागर जी मुनिराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से संचालित ‘एक करोड़ वृक्ष’ अभियान को नई गति मिली। राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार, कोटा के तत्वावधान में वर्ष–2026 के प्रथम पौधारोपण अभियान के तहत वर्षा ऋतु में 11 हजार पौधों के रोपण एवं उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। अभियान के प्रथम चरण में 51 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान का शुभारंभ किया गया।
राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार के चेयरमैन यतीश जैन खेड़ावाला ने बताया कि इस अभियान के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सहयोग से नगर निगम द्वारा पौधारोपण हेतु गड्ढों की तैयारी तथा पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई। कार्यक्रम में लगभग 250 लोगों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अभियान में मुख्य अतिथि पूर्व नेता प्रतिपक्ष (नगर निगम) विवेक राजवंशी रहे। विशेष अतिथि के रूप में सकल दिगंबर जैन समाज समिति, कोटा के अध्यक्ष प्रकाश बज, महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, महावीर नगर प्रथम की प्राचार्या, विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, दिगंबर जैन सफेद मंदिर एवं दिगंबर जैन लाल मंदिर, महावीर नगर प्रथम के समाजजन तथा राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार के सदस्य अपने परिवार सहित बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार के अध्यक्ष लोकेश जैन सीसवाली ने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण और संवर्धन का भी संकल्प है। उन्होंने कहा कि आचार्य प्रज्ञासागर जी मुनिराज द्वारा निर्धारित ‘एक करोड़ वृक्ष’ लगाने के लक्ष्य की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
महामंत्री नवीन जैन दौराया ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान चाकसू (जयपुर) प्रवास पर विराजमान आचार्य श्री 108 प्रज्ञासागर जी मुनिराज ससंघ का आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ। उपस्थित जनों ने गुरुदेव के हरित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा इस अभियान को जनआंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार के चेयरमैन यतीश जैन खेड़ावाला, अध्यक्ष लोकेश जैन, महामंत्री नवीन दौराया, कोषाध्यक्ष अजय जैन, संस्था की महिला प्रकोष्ठ राजस्थान प्रांत की अध्यक्षा राजश्री शाह तथा नितेश बडजात्या, गुलाबचंद लुहाड़िया, मिलाप अजमेरा, भूपेन्द्र पिडावा, राजीव पाटनी, अंकुर बाकलीवाल, पंकज लुहाड़िया, रोबिन काला और चेतन जैन सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने ‘एक करोड़ वृक्ष’ अभियान के तहत पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण के संकल्प को भी व्यापक जनसहभागिता के माध्यम से मजबूती प्रदान की।

