कोटा में नगर निगम की ओर से आयोजित 133वें राष्ट्रीय मेला दशहरा 2026 की विभिन्न रोमांचक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। आधिकारिक वेबसाइट पर तकनीकी खामियों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने आवेदन जमा कर सकेंगे।

महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि मेले के सांस्कृतिक और पारंपरिक आकर्षण को बढ़ाने के लिए शहरवासियों के लिए कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनके तहत 22 अक्टूबर को व्यंजन प्रतियोगिता, 24 अक्टूबर को मल्लखंभ प्रतियोगिता, 26 अक्टूबर को हत्ता माला प्रतियोगिता और 27 अक्टूबर को दिन में रंगोली, मांडना एवं मेहंदी प्रतियोगिताएं होंगी। 27 अक्टूबर की रात साफा बांधो प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बाद 28 अक्टूबर को बेस्ट ब्राइडल मेकअप प्रतियोगिता, 30 अक्टूबर और 2 नवंबर को बाल प्रतिभा कार्यक्रम तथा 1 नवंबर को दाढ़ी-मूंछ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

महापौर ने बताया कि 22 अक्टूबर को नगर निगम भवन में कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें कोटा शहर की प्रतिभाओं को अपने पाक-कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। यह प्रतियोगिता पूरी तरह फायरलैस होगी। प्रतियोगिता स्थल पर चूल्हा, इंडक्शन या गैस सिलेंडर जलाकर व्यंजन पकाने की अनुमति नहीं होगी। प्रतिभागियों को निर्धारित 30 मिनट के भीतर एक व्यंजन तैयार करना होगा। प्रतियोगिता में इस्तेमाल होने वाली सभी आवश्यक सामग्री प्रतिभागियों को स्वयं लेकर आनी होगी।

मेला अधिकारी एवं आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि कुकिंग सहित अन्य सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थी नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट Kotadussehramela.in से निशुल्क आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। वेबसाइट पर आ रही तकनीकी समस्याओं के कारण आवेदन जमा कराने की समय-सीमा बढ़ाई गई है। अब अभ्यर्थी पूरी तरह भरे हुए आवेदन पत्र 22 अक्टूबर 2026 तक कमरा नंबर 441, मेला प्रकोष्ठ, नगर निगम कोटा कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से जमा करवा सकेंगे।

आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ने से प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक शहरवासियों को फॉर्म जमा कराने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। वहीं, 22 अक्टूबर को होने वाली फायरलैस कुकिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को बिना चूल्हे, इंडक्शन या गैस के निर्धारित समय में व्यंजन तैयार करना होगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story