श्री गणेश मित्र मंडल समिति ने किया डोल यात्रा का भव्य स्वागत, अखाड़ा संचालकों का अभिनंदन
कोटा में डोल एकादशी पर श्री गणेश मित्र मंडल समिति ने डोल शोभायात्रा का स्वागत किया। देव विमानों का पूजन और अखाड़ा संचालकों का अभिनंदन हुआ।

श्री गणेश मित्र मंडल समिति, छावनी की ओर से आयोजित 25वें रजत जयंती श्री गणेश महोत्सव 2026 के तहत डोल एकादशी के पावन अवसर पर छावनी क्षेत्र में निकली डोल शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। छावनी रामचंद्रपुरा स्थित गोयल धर्मशाला के सामने सजाए गए विशाल गणपति पांडाल में भक्तिमय वातावरण के बीच देव विमानों का पूजन-अर्चन किया गया। शोभायात्रा में शामिल अखाड़ा संचालकों, विशेष करतब दिखाने वाले पटेबाजों और आकर्षक झांकियों का भी विशेष अभिनंदन किया गया।
समिति के अध्यक्ष ऋतुराज कौशिक तथा उपाध्यक्ष पंडित लालचंद शर्मा ने बताया कि डोल एकादशी पर निकली शोभायात्रा में शामिल कलाकारों और अखाड़ा संचालकों के उत्साहवर्धक प्रदर्शन की सराहना करते हुए समिति की ओर से सभी का साफा बंधवाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान पांडाल में पहुंचे सभी देव विमानों की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती उतारी गई।
उत्सव की इसी श्रृंखला में आयोजित भव्य महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा पांडाल और आसपास का क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
समिति के सचिव अंशु श्रृंगी एवं संरक्षक कन्हैयालाल शाक्यवाल ने बताया कि रजत जयंती महोत्सव श्रृंखला के तहत 24 सितंबर को शाम 7 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 25 सितंबर को अनन्त चतुर्दशी के पावन पर्व पर विशाल विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा ढोल-नगाड़ों और भव्य जुलूस के साथ पारंपरिक उल्लास के बीच निकलेगी, जिसके उपरांत भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का जल विसर्जन किया जाएगा।
पांडाल में प्रतिदिन सायंकाल 8 बजे नियमित संध्या आरती आयोजित की जा रही है। इसका लाइव प्रसारण भी किया जा रहा है, ताकि दूर-दराज के श्रद्धालु भी दर्शन का लाभ उठा सकें।
पूरे आयोजन को सुचारू और सफल बनाने में मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, नवल किशोर, महेश शाक्यवाल, सतीश शाक्यवाल, भारत अग्रवाल, ऋतिक गुप्ता, करण शाक्यवाल, नीरज शाक्यवाल, दीपमाला, आरती शाक्यवाल, ममता शाक्य, संजू देवी और कीर्ति शाक्यवाल सहित मंडल के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से जुटे हुए हैं।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
