दीपावली की आतिशबाजी बनी आंखों के लिए आफत, कोटा में 15 घायल; 5 साल के बच्चे समेत 4 की आंखें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त
सुवि नेत्र चिकित्सालय में 5 साल के बच्चे समेत चार मरीजों की हालत गंभीर, स्काई शॉट और सुतली बम से हुआ नुकसान।

कोटा के अस्पताल में आतिशबाजी से आंख में गंभीर रूप से घायल मरीज दिखाई दे रहा है।
दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान हुई जरा सी लापरवाही ने कई लोगों की आंखों को गंभीर खतरे में डाल दिया। कोटा के सुवि नेत्र चिकित्सालय एवं लेसिक लेजर सेंटर में पिछले तीन दिनों के दौरान पटाखों से आंखों में चोट लगने के 15 मामले सामने आए हैं। इनमें पांच वर्ष के बच्चे सहित चार मरीजों की आंखों की स्थिति अत्यंत गंभीर पाई गई। तीन मरीजों का ऑपरेशन किया जा चुका है, जबकि सभी घायलों का उपचार और आवश्यक जांचें जारी हैं।
सुवि नेत्र चिकित्सालय के निदेशक एवं वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. सुरेश पाण्डेय और डॉ. विदुषी शर्मा ने बताया कि सबसे गंभीर मामलों में बूंदी जिले के देवली क्षेत्र की ममता जैन शामिल हैं। वे स्वयं पटाखे नहीं जला रही थीं, बल्कि छत पर खड़ी होकर आतिशबाजी देख रही थीं। इसी दौरान स्काई शॉट पटाखे का जलता हुआ टुकड़ा तेज गति से उनकी दाहिनी आंख में आ लगा। चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी आंख का कॉर्निया बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आंख का प्राकृतिक क्रिस्टलाइन लेंस भी अपनी सामान्य स्थिति से खिसककर पीछे विट्रियस में चला गया। आंख की अन्य आंतरिक संरचनाएं भी गंभीर रूप से प्रभावित हुईं और उनकी दाहिनी आंख की दृष्टि पूरी तरह चली गई। फिलहाल उनका विशेषज्ञ उपचार और विस्तृत जांचें जारी हैं।
दूसरा गंभीर मामला चेचट के पास स्थित गिलोटा गांव से आए एक युवक का है। उसकी आंख में सुतली बम से गंभीर चोट लगी। धमाके के कारण कॉर्निया में गहरी चोट और फटाव हो गया। आंख के अगले हिस्से में रक्तस्राव के साथ अंदरूनी भाग में विट्रियस हेमरेज भी पाया गया। मरीज का ऑपरेशन किया गया है और आगे भी उसकी लगातार निगरानी करते हुए उपचार किया जा रहा है।
इसी तरह चेचट के पास स्थित सातल खेड़ी गांव के निवासी शिवराज सिंह की बायीं आंख में अनार पटाखा अचानक फटने से बारूद और गर्म कण चले गए। इससे कॉर्निया और आंख के अगले हिस्से में गंभीर चोट पहुंची तथा उनकी दृष्टि प्रभावित हुई। उनका उपचार भी सुवि नेत्र चिकित्सालय में जारी है।
पटाखों से आंखों में गंभीर चोट का एक मामला पांच वर्ष के बच्चे का भी सामने आया है। बच्चे को गंभीर नेत्र चोट के बाद अस्पताल लाया गया। जांच में आंख के सामने वाले कक्ष में खून जमा होने (हाइफीमा) के साथ कॉर्निया और स्क्लेरा में गंभीर चोट पाई गई। चिकित्सकों ने बच्चे का ऑपरेशन कर आवश्यक उपचार शुरू कर दिया है।
डॉ. सुरेश पाण्डेय ने बताया कि इस बार सामने आए मामलों से एक महत्वपूर्ण तथ्य स्पष्ट हुआ है कि पटाखों से होने वाली आंखों की चोट का खतरा केवल आतिशबाजी करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं है। पास खड़े दर्शक, बच्चे, परिवारजन और राहगीर भी तेज गति से उड़ते पटाखों के टुकड़ों, बारूद, चिंगारियों और विस्फोट के दबाव से गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं। ममता जैन का मामला इसका स्पष्ट उदाहरण है, क्योंकि वे स्वयं पटाखे नहीं जला रही थीं, बल्कि केवल छत पर खड़े होकर आतिशबाजी देख रही थीं।
डॉ. सुरेश पाण्डेय और डॉ. विदुषी शर्मा ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला न छोड़ें। सुतली बम, अनार, स्काई शॉट और तेज विस्फोट वाले पटाखों के इस्तेमाल के दौरान विशेष सावधानी बरतें। साथ ही चेहरे और आंखों को पटाखों से सुरक्षित दूरी पर रखें।
चिकित्सकों ने बताया कि आंख में पटाखे का कण लगने या चोट पहुंचने पर उसे बिल्कुल नहीं रगड़ना चाहिए और न ही आंख पर दबाव डालना चाहिए। विशेषज्ञ की सलाह के बिना किसी भी प्रकार की दवा या घरेलू उपचार नहीं करना चाहिए। आंख में रक्तस्राव, तेज दर्द, लालिमा, धुंधला दिखाई देने या अचानक दृष्टि कम होने की स्थिति में बिना देरी किए नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करना जरूरी है। गंभीर नेत्र चोट के बाद शुरुआती कुछ घंटे आंख की संरचना और दृष्टि बचाने के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण हो सकते हैं।
डॉ. सुरेश पाण्डेय ने कहा कि दीपावली रोशनी और खुशियों का पर्व है, लेकिन कुछ क्षणों की असावधानी किसी व्यक्ति के जीवन में स्थायी अंधकार ला सकती है। ऐसे में दीपोत्सव के दौरान आंखों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना आवश्यक है। सुवि नेत्र चिकित्सालय एवं लेसिक लेजर सेंटर, कोटा में सभी घायल मरीजों का उपचार जारी है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
