कोटा में 11 नए फार्मासिस्ट पद स्वीकृत, नए ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन सेंटरों से मजबूत होगी दवा व्यवस्था
कोटा जिले में 11 नए फार्मासिस्ट पद स्वीकृत किए गए हैं। एमबीएस, न्यू मेडिकल कॉलेज, रामपुरा और सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में पद मिलेंगे। नए ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन सेंटरों से दवा वितरण व्यवस्था मजबूत होगी।

कोटा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी दवा वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में 11 नए फार्मासिस्ट पद स्वीकृत किए गए हैं। प्रदेश में 225 नए ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन सेंटरों के साथ 225 फार्मासिस्ट (एल-10) के नए पदों को मंजूरी दी गई है। इनमें कोटा जिले के लिए कुल 11 फार्मासिस्ट पद स्वीकृत हुए हैं।
राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ, एकीकृत जिला शाखा कोटा के जिलाध्यक्ष डॉ. महावीर प्रसाद खींची ने बताया कि कोटा में स्वीकृत 11 पदों में एमबीएस अस्पताल में 1, न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में 5, जिला चिकित्सालय रामपुरा में 3 तथा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, कोटा में 2 फार्मासिस्ट पद शामिल हैं।
नए फार्मासिस्ट पदों की स्वीकृति पर संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. महावीर प्रसाद खींची, संस्थापक महेश यादव, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष तिलक चंद शर्मा, गुलशन छाबड़ा, राजीव वर्मा, मुरारीलाल नागर, लोकेश चतुर्वेदी सहित कोटा जिले के सेवारत फार्मासिस्टों ने राज्य सरकार एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त किया।
संघ पदाधिकारियों ने नए पदों की स्वीकृति को फार्मासिस्ट संवर्ग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि नए ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर शुरू होने से अस्पतालों में दवा वितरण व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी और मरीजों को समय पर दवाइयां उपलब्ध कराने में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही नए पदों के सृजन से फार्मासिस्टों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
संघ पदाधिकारियों के अनुसार, बजट में घोषित 500 नए दवा वितरण केंद्रों को धरातल पर लागू करने की दिशा में 225 फार्मासिस्ट पदों की स्वीकृति एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष प्रस्तावित पदों एवं दवा वितरण केंद्रों की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी की जाएगी। नए पदों और ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन सेंटरों की स्वीकृति से दवा वितरण व्यवस्था को मजबूत करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
