कोटा में 70वीं जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता शुरू, 1000 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
श्रीनाथपुरम स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता से चयनित 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी राज्य स्तरीय स्पर्धा में कोटा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

तस्वीर में कोटा के स्टेडियम ट्रैक पर मुख्य अतिथियों और अधिकारियों का समूह खड़ा है।
कोटा के श्रीनाथपुरम स्टेडियम में तीन दिवसीय 70वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज हो गया। 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं की स्पर्धाओं में जिले के करीब 1000 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं के माध्यम से प्रतिभागी अपना दमखम दिखाएंगे। यहां से चयनित छात्र-छात्राओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रामचरण मीणा ने बताया कि छात्र वर्ग की प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़गांव तथा छात्रा वर्ग की प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय वल्लभनगर की ओर से किया जा रहा है। दोनों वर्गों की तीन दिवसीय प्रतियोगिताएं श्रीनाथपुरम स्टेडियम में आयोजित की जा रही हैं। छात्र वर्ग की प्रतियोगिता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़गांव की प्रधानाचार्य निधि पाठक तथा छात्रा वर्ग की प्रतियोगिता राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय वल्लभनगर के प्रधानाचार्य महावीर मीना के संयोजन में हो रही है।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय वल्लभनगर के प्रधानाचार्य महावीर मीना ने बताया कि उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री के विशेषाधिकारी सतीश गुप्ता रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रामचरण मीणा ने की। विशिष्ट अतिथियों में कार्यालय मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, कोटा के सहायक निदेशक रूपेश कुमार सिंह, एडीईओ आदित्य विजय, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी रूपनारायण मालव तथा उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा सूरज करण बढ़गोतीया शामिल रहे।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़गांव की प्रधानाचार्य निधि पाठक ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक के रूप में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अर्जुनपुरा की प्रधानाचार्य मीनाक्षी धाभाई को नियुक्त किया गया है। वहीं, छात्र प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोराबॉस के प्रधानाचार्य विनोद मिश्रा हैं।
प्रतियोगिता के तहत छात्र एवं छात्रा वर्ग में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ के हीट एवं सेमीफाइनल मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही 1500 मीटर दौड़, त्रिकूद, गोला फेंक तथा तश्तरी फेंक की स्पर्धाएं भी हो रही हैं। शारीरिक शिक्षा के व्याख्याता सुनील शर्मा एवं किरण सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता से चयनित छात्र-छात्राएं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। शारीरिक शिक्षक प्रेरणा शर्मा एवं गणेश शंकर नावर ने बताया कि श्रीनाथपुरम स्टेडियम में सुबह सात बजे से विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है।
महावीर मीना एवं निधि पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता में छात्रा वर्ग के 17 वर्ष आयु वर्ग में 52 तथा 19 वर्ष आयु वर्ग में 31 टीमें भाग ले रही हैं। छात्र वर्ग के 17 वर्ष आयु वर्ग में 99 तथा 19 वर्ष आयु वर्ग में 77 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस प्रकार छात्र एवं छात्रा वर्ग में कुल 259 टीमें प्रतियोगिता में शामिल हैं। इनमें कोटा जिले के करीब 1000 खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता की पर्यवेक्षक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अर्जुनपुरा की प्रधानाचार्य मीनाक्षी धाभाई ने बताया कि प्रतियोगिताओं के नियमबद्ध संचालन, खिलाड़ियों की पात्रता, अनुशासन और परिणामों की निगरानी के साथ मेडिकल सुविधा, प्राथमिक उपचार एवं सुरक्षा व्यवस्था भी बनाई गई है। तीन दिवसीय आयोजन में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और चयन प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिसके आधार पर चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कोटा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
