कोटा। कोटा के कृष्णा नगर और हरिओम नगर में पिछले कई दिनों से हो रही दूषित व बदबूदार पेयजल सप्लाई के खिलाफ शुक्रवार को कॉलोनीवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्र के पुरुषों और महिलाओं ने हाथों में खाली मटके लेकर जलदाय विभाग के कार्यालय के अंदर जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का गंभीर आरोप है कि नलों में नाले जैसा गंदा पानी आ रहा है, जिसे पीने से कई लोग बीमार पड़ चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है।

यह उग्र प्रदर्शन रामगंजमंडी विधानसभा के गणेश नगर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष चेतन सोलंकी की अगुवाई में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आक्रोशित लोगों का कहना था कि जलदाय विभाग आम जनता के स्वास्थ्य और जीवन के साथ सरेआम खिलवाड़ कर रहा है। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बिगड़ती स्थिति को संभालने के लिए मौके पर भारी पुलिस जाप्ता भी तैनात रहा।

कांग्रेस नेता चेतन सोलंकी ने जलदाय विभाग की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता को पीने के लिए साफ पानी तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। विभाग की घोर लापरवाही के कारण निर्दोष लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अब जनता का सब्र जवाब दे चुका है, इसलिए उन्हें केवल खोखले आश्वासन नहीं बल्कि धरातल पर ठोस कार्रवाई चाहिए। यदि जल्द ही शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई, तो कॉलोनीवासी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और जलदाय विभाग की होगी।

जनता के इस भारी आक्रोश और प्रदर्शन के बाद हरकत में आए जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता अशोक बामनावत ने तुरंत मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कनिष्ठ अभियंता ने क्षेत्र में गंदे पानी की सप्लाई होने की बात को स्वीकार किया और कॉलोनीवासियों को शीघ्र समाधान करने का पूरा आश्वासन दिया। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मुख्य रूप से मनीष आर्य, वेदप्रकाश गुजर, मुकेश मीणा, अशिता जैन, चंद्रशेखर साहू, कमलेश पंकज, रंजीत पाठक समेत अन्य कई कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story