आध्यात्मिक आस्था, सामाजिक संवेदनशीलता और जीव-दया के संदेश के साथ दिगंबर जैन सोशल ग्रुप ‘वर्धमान’, कोटा द्वारा इस सप्ताह दो विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। एक ओर ऐतिहासिक टिपटा जैन मंदिर में सामूहिक भक्तामर पाठ के माध्यम से भक्तिमय वातावरण सृजित किया गया, वहीं दूसरी ओर दादाबाड़ी स्थित नसिया जी गौशाला में विशाल गौ-सेवा कार्यक्रम आयोजित कर सेवा और संस्कारों की परंपरा को सशक्त रूप से आगे बढ़ाया गया।

सप्ताह की शुरुआत गढ़ पैलेस स्थित ऐतिहासिक टिपटा जैन मंदिर में आयोजित भव्य भक्तामर पाठ से हुई। यह आयोजन ग्रुप के सदस्य श्रीमती शशि एवं श्री चंद्रप्रकाश सरवाडिया की वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर रखा गया। मंदिर परिसर मंत्रोच्चार, भक्ति धुनों और भक्तामर पाठ से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम में ग्रुप के लगभग सभी दंपत्ति सदस्यों ने सामूहिक रूप से सहभागिता करते हुए सरवाडिया परिवार को वैवाहिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। आयोजन ने ग्रुप की धार्मिक आस्था और आपसी एकता को नई मजबूती प्रदान की।

इसी श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए रविवार को दादाबाड़ी स्थित आदिनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र नसिया जी गौशाला में मासिक गौ-सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनवरी माह से लगातार संचालित हो रहे इस सेवा प्रकल्प के अंतर्गत मई माह के आयोजन में सदस्यों का उत्साह और सहभागिता उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम में रीजन अध्यक्ष श्री अनिल ठोरा ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर सदस्यों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि गौ-माता की सेवा साक्षात परमात्मा की वंदना के समान है और ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

इस माह के आयोजन में ‘गुप्त दानदाता’ का विशेष योगदान रहा। संस्था ने “गुप्त दान-महा कल्याण” की भावना को चरितार्थ करने वाले इस सहयोग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। गौशाला में चारे-पानी सहित अन्य व्यवस्थाओं का संचालन श्री अनिल एवं श्रीमती लतिका सुरलाया द्वारा किया गया। उनके समर्पित प्रयासों से सभी सदस्यों ने भक्तिभाव के साथ गौ-सेवा का लाभ लिया।

भक्ति और सेवा के इस आयोजन के बाद सभी सदस्यों ने सामूहिक स्वरुचि भोज का आनंद लिया। अल्पाहार में पोहा-जलेबी, इडली-सांभर और पास्ता सहित विभिन्न व्यंजनों ने कार्यक्रम में आत्मीयता और मधुरता का वातावरण निर्मित किया।

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप ‘वर्धमान’, कोटा की अध्यक्ष श्रीमती सीमा अरविंद बागड़िया एवं सचिव श्रीमती श्वेता नवीन जैन सेठिया ने बताया कि संस्था द्वारा गौ-सेवा, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का यह क्रम निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि हर माह ऐसे आयोजन कर समाज में सेवा, संस्कार, सकारात्मकता और वात्सल्य का संदेश पहुंचाया जाएगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story