कोटा के जैन जन उपयोगी भवन में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन द्वारा आयोजित ‘‘स्वर संधि अंताक्षरी’’ कार्यक्रम उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस भव्य प्रतियोगिता में कोटा, बारां, झालावाड़ एवं खानपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आईं आठ प्रतिष्ठित टीमों ने भाग लेकर अपनी अनूठी सांस्कृतिक और संगीतमय प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बीच रीजन अध्यक्ष अनिल ठौरा ने परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि प्रतियोगिता में अति वीर ग्रुप के निकुंज जैन ग्रुप ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति के बदौलत प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वर्धमान ग्रुप के जय एवं वीणा बगड़िया द्वितीय स्थान पर रहे। सभी विजेता प्रतिभागियों को संजय जैन एवं रितु जैन निर्माण द्वारा भव्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर रहे फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोहर झाझरी ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों और सामाजिक गतिविधियों के सकारात्मक एवं सुखद परिणाम अब धरातल पर सामने आ रहे हैं। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि एक संगठित समाज ही विकास और सेवा के नए आयाम स्थापित करने में सक्षम होता है। इसी क्रम में फेडरेशन के वरिष्ठ पदाधिकारी अमित कासलीवाल ने समाज के संस्थापक अध्यक्ष प्रदीप कासलीवाल के अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि समाज उनका सदैव ऋणी रहेगा, जिन्होंने देशभर में जैन समाज को सूत्रबद्ध कर उसे नई मजबूती प्रदान की। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि समाज में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन सही मंच और परिचय के अभाव में उनकी क्षमताओं का समुचित उपयोग नहीं हो पाता है।

इस गरिमामयी सांस्कृतिक उत्सव का विधिवत शुभारंभ प्रवीण जैन एवं निधि जैन द्वारा मंडप उद्घाटन के साथ हुआ। इसके पश्चात अनुभव ग्रुप के अध्यक्ष अशोक जैन, विमल जैन एवं जे.के. जैन द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया, जबकि श्वेता जैन, सुनीता ठौरा एवं सोनीशा पांडे ने मधुर स्वर में मंगलाचरण प्रस्तुत किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में चेतन एवं शीला रामगढ़ वाले उपस्थित रहे, वहीं उज्जैन से आए नीता धवल जैन एवं नवीन जैन ने अपनी रोचक और प्रभावी शैली में पूरी प्रतियोगिता का सफल संयोजन और संचालन कर दर्शकों को बांधे रखा। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय महासचिव विनय जैन, राष्ट्रीय निवृत्तमान अध्यक्ष राकेश विनायका एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष हंसमुख जैन गांधी ने भी अपने संबोधन में संगठन की विविध गतिविधियों एवं सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस मंच से सामाजिक संदेश देते हुए रिजन अध्यक्ष अनिल ठौरा ने अपने स्वागत भाषण में एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि फेडरेशन द्वारा 5 जून से 5 जुलाई तक द्वितीय वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए लगभग ढाई हजार पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने उपस्थित सभी सदस्यों से इस पुनीत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का पुरजोर आह्वान किया। समारोह के दौरान राष्ट्रीय व क्षेत्रीय अतिथियों का स्वागत राकेश पाटोदी, जे.के. जैन, हेमंत पाटनी, मनोज पाटनी, पवन सोगानी, ललित जैन, शिखरचंद जैन, महावीर शाह, मुकेश खटोड़, मनोज जैन, नवीन जैन, सुरेश हरसोरा, अरविंद बगड़िया एवं नवीन सेठिया द्वारा पूरे आदर-सत्कार के साथ किया गया। पूरे कार्यक्रम का सफल मंच संचालन सोनीशा पांडे एवं श्वेता सेठिया ने किया और अंत में सचिव पीयूष जैन ने उपस्थित सभी अतिथियों, देश-विदेश से आए प्रतिभागियों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी सहयोगकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story