कोटा: चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में ध्यान-योग शिविर का आयोजन
कुन्हाड़ी स्थित मंदिर में आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के सानिध्य में 5 जून तक आध्यात्मिक और स्वास्थ्य संवर्धन शिविर जारी रहेगा।

कोटा के कुन्हाड़ी स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के सानिध्य में आयोजित ध्यान-योग शिविर में उपस्थित श्रद्धालु।
कोटा। परम पूज्य आचार्य श्री 108 विद्या भूषण सन्मति सागर जी महाराज की परम शिष्या एवं परम पूज्या भारत गौरव गणिनी आर्यिका रत्न 105 श्री स्वस्ति भूषण माताजी (ससंघ) के पावन सान्निध्य में रिद्धि-सिद्धि नगर, कुन्हाड़ी स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में एक विशेष ध्यान-योग एवं आध्यात्मिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन वर्तमान में श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और स्वास्थ्य संवर्धन का एक प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
मंदिर के अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड़ ने जानकारी दी कि यह शिविर 5 जून तक निरंतर जारी रहेगा। इस शिविर के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः 7:15 से 8:15 बजे तक ध्यान एवं योग सत्रों का संचालन किया जा रहा है, जबकि सायंकालीन सत्रों में भी साधकों को योग, ध्यान एवं आध्यात्मिक जीवन शैली का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इस अनुष्ठान में राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त योगाचार्य नवीन भैया (जबलपुर) अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए विशेष मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। योगाचार्य नवीन भैया अपनी सरल, सहज एवं प्रभावी शिक्षण शैली के माध्यम से प्रतिभागियों को योग, ध्यान और मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न आयामों से गहराई से परिचित करा रहे हैं, जो साधकों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी सिद्ध हो रहा है।
आर्यिका श्री स्वस्ति भूषण माताजी के प्रेरणादायी सत्संग एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवक-युवतियां तथा बालक-बालिकाएं पूरे उत्साह के साथ सम्मिलित होकर योग एवं आध्यात्मिक साधना का लाभ उठा रहे हैं। आयोजकों का स्पष्ट मानना है कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक शांति एवं आध्यात्मिक जागरण के प्रति व्यापक जागरूकता का प्रसार करना है। इस कार्यक्रम के दौरान मंदिर के कोषाध्यक्ष ताराचंद बड़ला सहित पारस कासलीवाल, पारस लुहाड़िया, टीकम पाटनी, पारस आदित्य, सेवानिवृत्त न्यायाधीश जितेंद्र कुमार, अशोक सांवाला, निर्मल अजमेरा, महावीर बड़ला, राजकुमार पाटनी, नरेंद्र कासलीवाल, अजीत गोधा, वर्धमान कासलीवाल, अनिल मित्तल, मनीष सेठी एवं संजय लुहाड़िया सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। यह आध्यात्मिक शिविर न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक चेतना के उत्थान में भी अपनी महती भूमिका निभा रहा है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
