कोटा, 27 मई। महाराजा श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप के तत्वावधान में आगामी 1 जून से 11 जून तक गीता भवन परिसर में आयोजित होने वाले 'धर्म संस्कार शिविर' के माध्यम से बच्चों और युवाओं को सुमार्ग की ओर अग्रसर कर संस्कारवान बनाने की अनूठी पहल की जा रही है। ग्रुप के चेयरमैन संजय गोयल के मार्गदर्शन में आयोजित इस 11 दिवसीय शिविर का संचालन प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 9:30 बजे तक किया जाएगा। चेयरपर्सन पुष्पा गर्ग ने स्पष्ट किया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य खेल-खेल में साधना, जीवनोपयोगी कार्य, उन्नत जीवनशैली का विकास तथा पर्यावरण अनुकूल आदतों जैसे पेड़-पौधे व जल संरक्षण का प्रशिक्षण प्रदान करना है।

संभागीय महामंत्री सपना गोयल ने बताया कि शिविर में सभी प्रशिक्षण पूरी तरह से निःशुल्क रहेंगे, जिन्हें अनुभवी आचार्यों द्वारा संपन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम के को-फाउंडर अंशु अग्रवाल, जो डायरेक्टर हैं ओजीएल मिरेकल इंटरनेशनल के, उनके सहयोग से विशेष प्रशिक्षित आचार्यों को आमंत्रित किया गया है। स्वास्थ्य लाभ हेतु योगाचार्य माया अग्रवाल योग अभ्यास कराएंगी, जबकि गुरुमाता रेणु गोयल एरोबिक्स के माध्यम से शारीरिक दर्दों से मुक्ति का मार्ग बताएंगी। इसके अतिरिक्त, मर्म चिकित्सक डॉ. परमानंद गर्ग 11 दिनों तक विभिन्न रोगों के उपचार की विधि का ज्ञान देंगे।

शिविर में कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया गया है। जिलाध्यक्ष कमलेश गोयल मीठे-नमकीन व्यंजनों की रेसिपी, निकीता अग्रवाल ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण, तथा उषा अग्रवाल मेहंदी, चित्रकला व वाद-विवाद का अभ्यास कराएंगी। आध्यात्मिक व बौद्धिक विकास के लिए ज्योतिषाचार्य आदित्य कुमार शास्त्री वैदिक गणित व नक्षत्र विज्ञान, धर्माचार्य पंडित श्रवण कुमार पूजा विधि की बारीकियां, तथा गुरुमाता अर्चना शेखावत आत्म-विकास का पाठ पढ़ाएंगी।

जिलाध्यक्ष राजकुमार गोयल और महामंत्री राजेश गोयल (मलारणा डूंगर) के अनुसार, स्वरोजगार और संस्कारों से जुड़ने के प्रति उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 48 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिसके चलते रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 1 जून तक बढ़ा दी गई है। गीता सत्संग समिति के महामंत्री रामेश्वर विजय ने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी सायंकाल 5 बजे से 6 बजे के बीच गीता भवन पुस्तकालय में सपना गोयल से संपर्क कर अपना निःशुल्क रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पुष्पा गर्ग, रेणु गोयल, सपना गोयल, ममता मित्तल, कमलेश गोयल, उषा अग्रवाल, संजय अग्रवाल और राजेश गोयल व्यवस्था प्रभारी के रूप में निरंतर सक्रिय हैं। यह शिविर युवा पीढ़ी को संस्कारों की डोर से बांधकर एक आत्मनिर्भर समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story