कोटा। दशलक्षण महापर्व के दस दिवसीय धर्माराधना कार्यक्रम का समापन रविवार को तलवंडी स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में सामूहिक क्षमावाणी और सम्मान समारोह के साथ होगा। इस अवसर पर समाजबंधु जाने-अनजाने हुई भूलों के लिए एक-दूसरे से क्षमा याचना करते हुए ‘मिच्छामि दुक्कड़म्’ कहेंगे। समारोह के बाद समाजजनों के लिए सामूहिक स्नेह भोज का आयोजन किया जाएगा।

मंदिर समिति के अध्यक्ष अशोक पहाड़िया ने बताया कि क्षमावाणी समारोह में दशलक्षण महापर्व के दौरान मंदिर की धार्मिक गतिविधियों में सेवाएं देने वाले कार्यकर्ताओं, पुण्यार्जक श्रेष्ठी परिवारों तथा तप-साधना करने वाले तपस्वियों का सम्मान किया जाएगा। दस दिनों तक अभिषेक, पूजन, तप-साधना और विभिन्न धार्मिक आयोजनों के बाद होने वाला यह समारोह परस्पर क्षमा, मैत्री और आत्मावलोकन की भावना को समर्पित रहेगा।

महापर्व के दौरान महामंत्री प्रकाश सामरिया के संयोजन में भैया जी श्री आदि कुमार शास्त्री के निर्देशन में प्रतिदिन जिनेंद्र भगवान का अभिषेक एवं पूजन हुआ। बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने धार्मिक क्रियाओं में भाग लिया। अनेक श्रद्धालु तीन, पांच और दस उपवास की साधना में लीन रहे।

महामंत्री प्रकाश सामरिया ने बताया कि तलवंडी युवा शक्ति के शुभम, पिंकेश, संदीप, अचल, सर्वज्ञ और क्षितिज के सहयोग से 251 दीपकों से भव्य महाआरती की गई। मंदिर परिसर की विद्युत रोशनी बंद कर दीपों की रोशनी में हुई महाआरती ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई। तलवंडी महिला मंडल की ओर से ‘वर्तमान परिप्रेक्ष्य में कर्मों का फल’ विषय पर सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई।

श्रीजी के प्रथम अभिषेक का पुण्यार्जन कालूराम, मुकेश चांदखेड़ी ट्रांसपोर्ट तथा सुरेश, निर्मल हरसौरा परिवार ने बोली के माध्यम से किया। वासुपूज्य भगवान के निर्वाण लाडू का पुण्यार्जन मंदिर परिसर में राजेश, किरण, रक्षिता एवं सर्वज्ञ मंगलम परिवार तथा धर्मशाला परिसर में कल्पना एवं राहुल सुरलाया परिवार ने किया। विधान के पुण्यार्जक राकेश एवं आरती सामरिया परिवार तथा राजेश एवं किरण मंगलम परिवार रहे।

संध्याकालीन श्रीजी अभिषेक एवं दशलक्षण तथा अनंत व्रत की मालाओं का पुण्यार्जन शिखर, मनोज एवं पूजा सेठिया परिवार तथा कल्पना एवं राहुल सुरलाया परिवार ने किया। मंदिर की सभी धार्मिक गतिविधियों में अनिल डाबी, राजेश अरिहंत, राजकुमार, राजेश मंगलम, मनोज पाटनी, सुदर्शन, तलवंडी महिला मंडल और तलवंडी युवा शक्ति का विशेष योगदान रहा।

समापन समारोह में अध्यक्ष अशोक पहाड़िया, महामंत्री प्रकाश सामरिया, भैया जी श्री आदि कुमार जी शास्त्री सहित मंदिर समिति, महिला मंडल, युवा शक्ति और समाज के सदस्य मौजूद रहेंगे।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story