कोटा डेयरी में 1 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण, अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने किया उद्घाटन
कोटा-बूंदी जिला दुग्ध संघ परिसर में आधुनिक प्रयोगशाला, उत्पाद भवन और लेखा शाखा विस्तार सहित विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया।

कोटा-बूंदी जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ (दाएं से तीसरे) कोटा डेयरी परिसर में आधुनिक प्रयोगशाला और अन्य विकास कार्यों का उद्घाटन करते हुए। इस अवसर पर प्रबंध संचालक दिलखुश मीणा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कोटा-बूंदी जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि. में आधारभूत संरचना विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कोटा डेयरी परिसर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। संघ के अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने फीता काटकर परियोजनाओं का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान डेयरी परिसर में विकास कार्यों को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
डेयरी के प्रबंध संचालक दिलखुश मीणा ने बताया कि लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक लागत से तैयार विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें प्रशासनिक भवन परिसर में लेखा शाखा का विस्तार, डेयरी संयंत्र परिसर में दुग्ध उत्पाद भवन, आधुनिक प्रयोगशाला एवं एगमार्क भवन का निर्माण तथा डेयरी डॉक के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।
अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने कहा कि डेयरी क्षेत्र में आधारभूत संरचना का सुदृढ़ होना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता में वृद्धि होगी और गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ किसानों और दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के विकास कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे, जिससे क्षेत्र के दुग्ध व्यवसाय को नई गति और मजबूती मिल सके।
कार्यक्रम में प्रबंध संचालक दिलखुश मीणा, संस्थापना अधिकारी, लेखाधिकारी, पी एंड आई अधिकारी, संयंत्र प्रभारी सहित डेयरी के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। डेयरी परिसर में हुए इन विकास कार्यों को दुग्ध उत्पादन, प्रसंस्करण और गुणवत्ता प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
