संविधान पार्क के प्रस्तावित शिलान्यास समारोह की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी केशवपुरा मण्डल की बैठक शुक्रवार को सम्पन्न हुई जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सम्मिलित हुए। नए कोटा में महर्षि गौतम सर्किल के पास बनने वाले इस पार्क का शिलान्यास लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा 13 अप्रैल को किया जाएगा। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को शिलान्यास समारोह के लिए आमंत्रित करेंगे।

विकास और नवाचार का नया आयाम

कोटा सहकारी उपभोक्ता होलसेल भण्डार के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला ने अपने सम्बोधन में कहा कि "भाजपा शासन में विकास की गंगा अनवरत बहती जा रही है, जहां पहले हमारा ध्येय शहर के वार्डों को स्मार्ट बनाने का था वहां अब हमने हर गली को स्मार्ट गली बनाने का बीड़ा उठाया है।" उन्होंने आगे कहा कि "लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला निरंतर कोटा में मूलभूत सुविधा विकास के लिए प्रयत्नशील हैं, वहीं विकास के लिए उनका दृष्टिकोण कई नवाचारों का जन्मदाता है जिससे अन्य जनप्रतिनिधि भी सीख ले रहे हैं।" यह उनका ही विचार था कि संविधान पार्क बनाकर जनता को संविधान से जोड़ा जाए इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इस कार्यक्रम से जोड़कर इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनाया जाना चाहिए।

लोकतांत्रिक मूल्यों और जागरूकता का केंद्र

कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि "लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की देन संविधान पार्क कोटा के विकास में एक बड़ा आयाम है, यह पार्क आस पास के क्षेत्र के लिए ऑक्सीजन के साथ गणतंत्र के प्रति जन जागरूकता उत्पन्न करने का काम करेगा।" उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि वर्षों से खाली पड़ी यह भूमि अब सुंदर उद्यान में परिवर्तित हो जाएगी जिससे आम जन लाभान्वित होंगे और उनमें राष्ट्र के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों और कर्तव्यों के प्रति सजगता उत्पन्न होगी।

बैठक में प्रमुख पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी, मण्डल अध्यक्ष दीनू बंजारा, हेमराज सिंह हाड़ा, पूर्व पार्षद योगेश वालिया, विनोद नायक, नन्द कंवर हाड़ा, लक्ष्मी मेहरा, सुदर्शन गौतम, सुनीता नायक, हेम सिंह हाड़ा, नरेन्द्र हाड़ा, गिरिराज शर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story