कोटा: कांग्रेस का 'संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ' अभियान शुरू, प्रभारी ने दिए निर्देश
पीसीसी प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के निर्देश दिए और केंद्र सरकार पर चुनाव टालने का आरोप लगाया।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक निर्धारित 'संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ' अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में कोटा शहर एवं देहात कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। पीसीसी द्वारा नियुक्त जिला प्रभारी एवं महासचिव पुष्पेन्द्र भारद्वाज ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम के प्रारंभ में शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने साफा, माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर प्रभारी भारद्वाज का स्वागत किया, वहीं देहात अध्यक्ष भानूप्रताप सिंह ने भी गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर जिले के सह-प्रभारी धर्मराज मेहरा का भी दोनों अध्यक्षों द्वारा विधिवत स्वागत किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पुष्पेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आह्वान पर पूरे अप्रैल माह में संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि तानाशाह मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है और अब वह राज्य सरकार के साथ मिलकर निकाय व पंचायतों के चुनाव टालने का षड्यंत्र रच रही है। भारद्वाज ने खुलासा किया कि सरकारी अनियमितताओं के कारण विकास हेतु आने वाला 1900 करोड़ रुपए का बजट डूब चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संगठन को बूथ स्तर तक जी-जान से मजबूत करना अनिवार्य है।
शहर जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि वार्ड स्तर पर नियुक्तियों के लिए ब्लॉक, मंडल, पार्षद और अग्रिम संगठनों के अध्यक्षों की बैठकें ली जा चुकी हैं। हर वार्ड से तीन-तीन नामों का पैनल तैयार किया जा रहा है, जिसकी स्क्रूटनी के पश्चात वरिष्ठ नेताओं की सहमति से शीघ्र ही वार्ड इकाइयों का गठन होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई और विफलता के डर से सरकार चुनाव से भाग रही है और विकास कार्यों को ठप कर दिया गया है। देहात अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने भी मोदी सरकार द्वारा लोकतंत्र को कमजोर करने के प्रयासों की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस जन गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर संगठन को इतना सशक्त बनाएंगे कि विरोधियों के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महासचिव डॉ. विजय सोनी ने किया। इस विराट बैठक में विधायक चेतन पटेल, पीसीसी महासचिव अमित धारीवाल, लाडपुरा प्रधान नईमुद्दीन गुडू, कोटा उत्तर प्रभारी नितीश सुराणा, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल, पीसीसी महासचिव अमीन पठान, अनूप ठाकुर, शिवराज गुंजल, पूर्व विधायक पूनम गोयल, विधायक प्रत्याशी महेंद्र सिंह राजोरिया, उपाध्यक्ष जगदीश ठाड़ा, हरपाल राणा, पीसीसी सदस्य किशोर मदनानी, रामकुमार दाधीच, सं महासचिव राधेश्याम वर्मा, निवर्तमान उप महापौर पवन मीणा, सोनू कुरैशी, सेवादल जिलाध्यक्ष प्रेम लाहौरिया, अब्दुल हमिद गौड़, उपाध्यक्ष प्रमोद त्रिपाठी, हेमराज गौतम, अनुराग गौतम, रेहाना खान, बलविंद्र सिंह बिल्लू, रामेश्वर सुवालका, मोहम्मद रफीक, महासचिव श्याम गौतम, विपिन भरथूनीया, मालती शर्मा, अमोलक देवी, प्रकाश मलकानी, रईम खान, इसरार मोहम्मद, नीरज शर्मा, धर्मा गोचर, उमा शंकर नामा, सुलेमान बादशाह, सचिव रफीक अहमद, सोनू अब्बासी, हेमराज पांचाल, इरफान घोसी, सुमन पेशवानी, पूनम कंवर, नवल तुरावा, उर्मिला शर्मा, मंजू चौधरी, योगेश विजयवर्गीय, प्रवक्ता हेमंत चतुर्वेदी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मुईजुद्दीन गुड्डू, व्यापार एवं उद्योग प्रकोष्ठ प्रदेश महासचिव शिव कुमार सोनी, सचिव प्रदीप यादव, एससी प्रकोष्ठ अध्यक्ष अशोक मेघवाल, देहात अध्यक्ष परस राम बैरवा, एसटी अध्यक्ष सूर्यप्रकाश मीणा, एससी प्रदेश पदाधिकारी दिनेश खटीक, पारस वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष ललित शर्मा, गीता मेघवाल, अनूप मेहरा, देवेंद्र गोयनका, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह मंडा, रामकैलश मेघवाल, नीलिमा सोनी सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
