कोटा: गैस किल्लत के विरोध में कांग्रेस का नाले से चूल्हा जलाने का प्रदर्शन
कोटा के घटोत्कच चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एलपीजी किल्लत और सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन कर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

कोटा के घटोत्कच चौराहे पर शुक्रवार शाम पूर्व पार्षद संजय यादव के नेतृत्व में नाले में पाइप डालकर चूल्हा जलाने का प्रयास करते कांग्रेस कार्यकर्ता।
कोटा, 13 मार्च। शहर में एलपीजी गैस की भारी किल्लत और व्यावसायिक सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार शाम घटोत्कच चौराहे पर अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पास के नाले में गैस पाइप डालकर चूल्हा जलाने की कोशिश की, लेकिन जब चूल्हा नहीं जला तो उन्होंने सरकार के खिलाफ उग्र नारेबाजी की।
प्रधानमंत्री के दावे की सच्चाई परखने का प्रयास
पूर्व पार्षद संजय यादव के नेतृत्व में शाम करीब 5:30 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता घटोत्कच चौराहे पर एकत्रित हुए। इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता अपने साथ गैस का चूल्हा और पाइप लेकर आए थे। उन्होंने पाइप को पास के नाले में डालकर माचिस की तीली से चूल्हा जलाने का प्रयास किया। संजय यादव ने इस दौरान कहा कि "सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें नाले में पाइप डालकर गैस की समस्या का समाधान बताए जाने का दावा किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसी दावे की सच्चाई परखने के लिए यह प्रदर्शन किया, लेकिन चूल्हा नहीं जला।"
गैस संकट से शहर में हाहाकार और रोजगार पर संकट
संजय यादव ने शहर की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कोटा शहर में एलपीजी गैस की किल्लत के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के कारण शहर में हाहाकार की स्थिति बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गैस संकट की वजह से हजारों-लाखों लोगों के रोजगार पर संकट मंडरा रहा है। यादव ने आगे कहा कि "ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन सरकार की अव्यवस्थित नीतियों ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। अचानक 25 दिन तक एलपीजी गैस बुकिंग पर रोक जैसे नियम लागू कर दिए गए हैं, वहीं व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।"
कालाबाजारी का आरोप और नई बुकिंग व्यवस्था से परेशानी
प्रदर्शन के दौरान यादव ने यह गंभीर आरोप लगाया कि गैस की कमी के चलते बाजार में व्यावसायिक सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है और कई स्थानों पर सिलेंडर दोगुनी कीमत पर बेचे जा रहे हैं। इससे होटल, हॉस्टल, मैस और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। कई प्रतिष्ठानों में कामकाज ठप होने की स्थिति बन रही है और कर्मचारियों के रोजगार पर भी खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने नई बुकिंग प्रणाली पर सवाल उठाते हुए बताया कि "पहले फोन-पे सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से आसानी से गैस बुकिंग हो जाती थी, लेकिन अब एजेंसियों के जरिए नया एप डाउनलोड कर बुकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं और लोग धूप में खड़े होकर एप डाउनलोड कराने को मजबूर हैं।"
महंगाई और बजट बिगड़ने से आमजन त्रस्त
संजय यादव ने सरकार से मांग की है कि गैस संकट का जल्द समाधान निकालकर आमजन को राहत दी जाए। उनका कहना है कि गैस सिलेंडरों की महंगाई और कालाबाजारी के कारण बाजार में महंगाई भी तेजी से बढ़ रही है, जिससे आम लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। इस प्रदर्शन में मुख्यरूप से धनजी यादव, कमलेश सिंह, सुरेश भट्ट, राजेश कुमार, चेतन यादव, जय मंगल, साहील वर्मा, भगवान सिंह, अजय सिंह, वेद प्रकाश गुर्जर, राजुरंजन सिंह, रंजीत पाठक आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
