कोटा में कांग्रेस ओबीसी विभाग ने लगाया रक्तदान शिविर, कई युवाओं ने किया रक्त दान
कोटा में शहर जिला कांग्रेस ओबीसी विभाग की ओर से आयोजित शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज कल्याण के लिए रक्तदान किया।

तस्वीर में शहर जिला कांग्रेस ओबीसी विभाग के बैनर तले आयोजित शिविर में एक युवक बेड पर लेटकर रक्तदान कर रहा है, जबकि वहां उपस्थित पार्टी कार्यकर्ता और अन्य लोग उसे देख रहे हैं।
पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के जन्मदिवस (30 जून) से पूर्व शहर जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग द्वारा आयोजित सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत शनिवार को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ हुआ। मकबरा थाने के बाहर आयोजित इस शिविर में 236 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जबकि 370 लोगों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ लिया। दोनों शिविरों के आयोजन में श्री प्रेमदीप मानव सेवा समिति का सहयोग रहा।
पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वह जन्मदिन मनाने की परंपरा के व्यक्ति नहीं हैं, लेकिन जब यह अवसर आता है तो कार्यकर्ता इसे सेवा कार्यों से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि जहां कई लोग जन्मदिन पर जलसे, समारोह और भोज का आयोजन करते हैं, वहीं उनके कार्यकर्ता रक्तदान कर इसे रक्त दिवस के रूप में मनाते हैं। उन्होंने कहा कि कोटा में राजस्थान के अन्य जिलों की तुलना में रक्तदान का औसत अधिक होने के बावजूद गर्मी के दिनों में ब्लड बैंकों में रक्त का संकट उत्पन्न हो जाता है। ऐसे समय में यदि उनके जन्मदिन के अवसर पर एकत्रित रक्त जरूरतमंदों के काम आए, तो इससे बड़ा सौभाग्य उनके लिए नहीं हो सकता।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के अध्यक्ष दीपक नामदेव ने कहा कि गर्मियों में रक्त की कमी को ध्यान में रखते हुए प्रहलाद गुंजल के कार्यकर्ता लगातार लोगों का जीवन बचाने के उद्देश्य से रक्तदान अभियान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि रक्तदान शिविर के साथ स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें 370 लोगों ने पंजीकरण कराया। लाभार्थियों की ब्लड जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। जांच के दौरान 66 लोगों को मोतियाबिंद ऑपरेशन, एमआरआई, सीटी स्कैन, जनरल ऑपरेशन एवं हार्ट जांच की आवश्यकता पाई गई। ऐसे सभी मरीजों को सुधा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उनका समस्त उपचार निशुल्क किया जाएगा।
कार्यक्रम में युवा नेता ब्रजेश शर्मा नीटू, शहर जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग अध्यक्ष दीपक नामदेव, ब्रह्मदत्त शर्मा, श्याम सोनी सम्राट, सौरभ सेन, फिरोज दबंग, बालसिंह परमार, धर्मेंद्र जैन भाया, यथार्थ नामदेव, जितेंद्र रामावत, अखलाक अली, सौरभ सेन, लोकेश शुक्ला, फिरोज कल्लू, पूर्व पार्षद चंद्र प्रकाश सोनी, प्रशांत सक्सेना, इंद्र कुमार जैन, राधा सोनी, भवानी सोनी, नीरज शर्मा, ललित सरदार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं रक्तदाता उपस्थित रहे।
शहर जिला महासचिव प्रशांत सक्सेना ने बताया कि 27 जून से 30 जून तक शहरभर में विभिन्न स्थानों पर लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। 28 जून को नए कोटा में लोकेश गुंजल, धर्मा गुंजल एवं उनकी टीम द्वारा रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसके बाद कोटा दक्षिण में ब्रजेश शर्मा नीटू, पूर्व पार्षदों एवं उनकी टीम के नेतृत्व में रक्तदान शिविर आयोजित होगा। वहीं 30 जून को कुन्हाड़ी, स्टेशन तथा नयापुरा कार्यालय पर भी रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। चार दिवसीय यह अभियान जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
