कोटा: 3 जून को कांग्रेस ओबीसी मोर्चा का जिला स्तरीय अधिवेशन, तैयारियों को लेकर प्रहलाद गुंजल के कार्यालय पर बैठक
ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला स्तरीय अधिवेशन और पदभार ग्रहण समारोह को लेकर कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर।

कोटा में कांग्रेस ओबीसी मोर्चा के जिला स्तरीय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित करते पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल (माइक पर) और उपस्थित पदाधिकारी।
कोटा में 3 जून को कांग्रेस ओबीसी मोर्चा का जिला स्तरीय अधिवेशन एवं पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर संगठन में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के शहर अध्यक्ष दीपक नामदेव एवं देहात अध्यक्ष टीकम चंद सुमन द्वारा संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के कार्यालय पर बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल, संभागीय अध्यक्ष अशोक नागर एवं देहात प्रभारी रघुनाथ परमार ने मार्गदर्शन प्रदान किया। बैठक में संगठन को मजबूत करने तथा अधिवेशन को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कहा कि राहुल गांधी जी द्वारा जातिगत जनगणना के लिए किया जा रहा संघर्ष सराहनीय है, जिससे ओबीसी वर्ग की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक स्थिति की वास्तविकता देश के सामने आ सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष जी की सहमति से कोटा संभाग सहित कोटा शहर एवं देहात में ओबीसी प्रकोष्ठ की मजबूत एवं क्रियाशील कार्यकारिणी का गठन किया गया है, जिससे कांग्रेस को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है, उन्हें अब दोगुनी क्षमता से कार्य करना होगा तथा एक-एक बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत करने की दिशा में कार्य करना होगा।
संभागीय अध्यक्ष अशोक नागर ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी आज से ही अधिवेशन को सफल बनाने में जुट जाए तथा एक-एक गली एवं बूथ तक जाकर लोगों को अधिवेशन में आमंत्रित करें। देहात प्रभारी रघुनाथ परमार ने ओबीसी प्रकोष्ठ की विधानसभा, मंडल एवं बूथ स्तर तक कार्यकारिणी गठन पर विशेष जोर दिया।
शहर अध्यक्ष दीपक नामदेव ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य जारी रहेगा तथा सामाजिक सरोकार के कार्य आगे भी निरंतर किए जाते रहेंगे। देहात अध्यक्ष टीकम चंद सुमन ने अधिक से अधिक लोगों से संपर्क कर अधिवेशन को सफल बनाने का आह्वान किया।
दोनों अध्यक्षों ने ओबीसी वर्ग में कांग्रेस की ताकत बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि अधिवेशन एवं पदभार ग्रहण समारोह में कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी सहित प्रदेश के कई बड़े नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बैठक का संचालन ओबीसी प्रकोष्ठ कोटा उत्तर अध्यक्ष विकास तंवर ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन संगठन महासचिव गजेंद्र धाकड़ द्वारा दिया गया। बैठक में पूर्व पार्षद धनराज चैची, योगेश सुमन, पूर्व चेयरमैन नसरुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह अधिवेशन संगठनात्मक मजबूती और ओबीसी वर्ग के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
