काला तालाब चंद्रसेल रोड स्थित एक निजी मैरिज गार्डन में पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में आयोजित कोटा शहर एवं देहात कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के जिला स्तरीय अधिवेशन व पदभार ग्रहण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का भारी सैलाब उमड़ा। कोटा शहर और देहात के कार्यकर्ता सुबह 10:00 बजे से ही अलग-अलग टोलियों में जोशीले नारों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे, जिनकी संख्या दोपहर 12:00 बजे तक हजारों में पहुंच गई। इस बड़े राजनीतिक समागम में कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर के दिग्गज नेताओं ने शिरकत की और मंच से केंद्र की भाजपा सरकार तथा राजस्थान की राज्य सरकार पर तीखे राजनीतिक प्रहार किए।

अधिवेशन को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों से हिंदुस्तान में जो भाजपा की सरकार चल रही है, वह मनुवादी सरकार है। यह सरकार गरीबों, पिछड़ों, अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और ईडब्ल्यूएस के खिलाफ काम कर रही है। डॉ. जयहिंद ने आरोप लगाया कि पिछले चुनाव में भाजपा ने कहा था कि 400 सीटें आईं तो हम संविधान बदल देंगे। इसके पीछे उनकी एक ही मंशा थी कि महात्मा गांधी व नेहरू जी के कार्यकाल में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी द्वारा बनाए गए संविधान को समाप्त किया जाए, जिसके कारण आज ओबीसी सहित अन्य वंचित जातियां तरक्की कर रही हैं। वे मनुवाद के समय चलने वाले संविधान को वापस लाना चाहते थे, लेकिन देश के लोगों ने इस मंशा को भांप लिया और जो 400 पार की बात कर रहे थे, उन्हें बहुमत के आंकड़े तक भी नहीं पहुंचने दिया।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की कानून-व्यवस्था और शासन प्रणाली पर तंज कसते हुए कहा कि राजस्थान में इस समय सरकार नहीं बल्कि सर्कस चल रहा है। डोटासरा ने कहा कि हमारा ओबीसी विभाग पूरे देश के हर राज्य में जाकर ओबीसी के हितों की लड़ाई लड़ रहा है। हम सब मिलकर ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस, गरीबों और स्वर्णों के साथ हो रहे अत्याचारों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। वर्तमान सरकार द्वारा इन वर्गों के लिए कोई योजनाएं नहीं बनाई जा रही हैं और न ही बजट में उनके कल्याण का कोई प्रावधान किया जा रहा है। केवल और केवल उनका शोषण व उत्पीड़न हो रहा है, जिसके खिलाफ कांग्रेस ने पूरे हिंदुस्तान में अलख जगा रखी है। राजस्थान में भी हम इन सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए कंधे से कंधा मिलाकर लड़ रहे हैं।

राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए कहा कि राहुल गांधी जी का हमेशा से यह सपना रहा है कि 'जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसकी उतनी भागीदारी'। इसी संकल्प के तहत उन्होंने देश में जातिगत जनगणना की मांग उठाई थी। यह सरकार जातिगत जनगणना नहीं करवाना चाहती थी, लेकिन जब राहुल गांधी जी ने देश में इसका आह्वान किया और पूरे देश से इसके लिए आवाज उठी, तो मोदी सरकार को झुकना पड़ा और उन्होंने जातिगत जनगणना की घोषणा की। हालांकि, जूली ने आरोप लगाया कि सरकार इस प्रक्रिया में भी बेईमानी कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक देश में प्रत्येक जाति की गणना नहीं होगी और उसकी संख्या का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आएगा, तब तक गरीब और पिछड़े वर्गों का वास्तविक उत्थान और विकास तय नहीं किया जा सकता।

कार्यक्रम के सूत्रधार और पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने लोकतांत्रिक मूल्यों और पिछड़े वर्गों के ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में सभी वर्गों के विकास की बात तय की गई थी। जब हम लोकतंत्र की यात्रा में समूचे भारत का विकास करना चाहते हैं, तो पहले यह तय करना पड़ेगा कि पिछड़े वर्गों का कल्याण कैसे होगा। इन वर्गों ने एक हजार साल की कालखंड की यात्रा में इस भारत की अस्मिता को बचाने और धर्म-संस्कृति की रक्षा के लिए अपना वजूद तक मिटा लिया। डॉ. राममनोहर लोहिया जी के विचारों का हवाला देते हुए गुंजल ने कहा कि अगर भारत के अतीत की खोज करनी है और एक सुनहरे भविष्य के पुनरुत्थान की कल्पना करनी है, तो दलित व पिछड़े वर्गों का अतीत इसके लिए सोने की खान साबित हो सकता है। इसके अलावा हिंदुस्तान के पुनरुत्थान का कोई दूसरा रास्ता नहीं है, लेकिन दुर्भाग्य है कि भारतीय प्रजातंत्र में आज पिछड़े वर्ग को उचित सम्मान नहीं मिल रहा है। ओबीसी वर्गों को अपने खोए हुए आत्म सम्मान को पुनर्जीवित करने के लिए अपनी राजनैतिक और सामाजिक ताकत को बढ़ाना होगा।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष हरसहाय यादव ने अपने संबोधन में कहा कि गोविंद सिंह डोटासरा व टीकाराम जूली की जोड़ी ने राजस्थान में कांग्रेस को अभूतपूर्व मजबूती प्रदान की है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में आयोजित यह जिला स्तरीय अधिवेशन ओबीसी विभाग को एक नई राजनैतिक ऊर्जा देने का काम करेगा। कोटा-बूंदी प्रभारी व राजस्थान प्रदेश कांग्रेस महासचिव पुष्पेंद्र भारद्वाज ने भी हाडोती अंचल में कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि हाडोती में कांग्रेस मजबूत हो रही है और यह जनसैलाब हमारे साथी व बड़े भाई प्रहलाद गुंजल साहब के नेतृत्व की स्वीकार्यता को दर्शाता है। पूरे राजस्थान में कोटा के इस अधिवेशन जैसा ओबीसी विभाग का ऐसा ऐतिहासिक जलजला कहीं और देखने को नहीं मिला है। गुंजल साहब के आने से कांग्रेस को जो मजबूती मिली है, उसके बल पर हम आगामी निगम, निकाय व पंचायत चुनावों में भाजपा को उखाड़ फेंकेंगे। कार्यकर्ताओं का यह जोश साफ बता रहा है कि आने वाले समय में कोटा में एक बड़ा राजनैतिक बदलाव होने जा रहा है।

इससे पूर्व, स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के अध्यक्ष दीपक नामदेव व देहात अध्यक्ष टीकमचंद सुमन ने सभी मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व को आश्वस्त किया कि प्रहलाद जी गुंजल के भागीरथी प्रयासों से संपन्न इस अधिवेशन के माध्यम से न केवल कोटा जिला, बल्कि समूचे हाडोती क्षेत्र में कांग्रेस का आधार मजबूत होगा और ओबीसी वर्ग बड़े पैमाने पर कांग्रेस पार्टी से जुड़ेगा।

इस भव्य राजनैतिक कार्यक्रम का कुशल संचालन हेमंत चतुर्वेदी, विकास तंवर व मंजू चौधरी ने किया। कार्यक्रम के समापन पर संभागीय अध्यक्ष अशोक नागर ने मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों और आयोजन को सफल बनाने के लिए दूर-दराज से आए हजारों कार्यकर्ताओं का आभार व धन्यवाद प्रकट किया।

अधिवेशन को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव जितेंद्र बघेल, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के वेस्ट इंडिया जोनल इंचार्ज रोहिताश सिंह बेदी, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के नेशनल कोर्डिनेटर (राजस्थान) राजकमल राव व मोहित चौधरी, पूर्व राज्य मंत्री सुनील परिहार, जगदीश शर्मा तथा डूंगर राम गेंदा सहित कई वरिष्ठ वरिष्ठ राजनेताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से राजस्थान खेल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अमीन पठान, प्रदेश सचिव मंजूर तंवर, कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष शालिनी गौतम सहित बहुत बड़ी संख्या में स्थानीय पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी और समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story