कोटा में कमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत, शादियों के लिए मिलेगा विशेष कोटा
होटल और हलवाई संघ की मांग पर जिला रसद अधिकारी ने दिया आश्वासन, शादी-समारोह के प्रमाण दिखाने पर सुचारू होगी सिलेंडर की आपूर्ति।

कोटा। राजस्थान के शैक्षणिक और औद्योगिक केंद्र कोटा में पिछले आठ दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह ठप्प होने से हाहाकार मचा हुआ है। संकट की गंभीरता को देखते हुए होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (कोटा डिवीजन) और हाड़ौती हलवाई कैटरर्स एसोसिएशन के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने फेडरेशन अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में जिला रसद अधिकारी कार्तिकेय मीना से मुलाकात कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया। व्यवसायियों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो शहर का खान-पान उद्योग पूरी तरह बंदी के कगार पर पहुंच जाएगा।
अशोक माहेश्वरी ने जिला रसद अधिकारी को बताया कि होटलों में आने वाले अतिथियों के लिए नाश्ता और खाना बनाने हेतु गैस स्टॉक पूरी तरह समाप्त हो चुका है। शहर में वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर उपयोग होने वाली इलेक्ट्रिक और डीजल भट्टियों का स्टॉक भी बाजार से खत्म हो गया है, जिससे न केवल अतिथियों बल्कि स्टाफ तक का खाना बनाना असंभव हो गया है। उन्होंने प्रशासन को चेताया कि सिलेंडर न मिलने की स्थिति में मजबूरन घरेलू सिलेंडरों का उपयोग करना पड़ रहा था, किंतु रसद विभाग की सख्त कार्यवाहियों के चलते वह विकल्प भी अब बंद हो चुका है। फेडरेशन ने मांग की कि होटल व्यवसाय को 'अति आवश्यक सेवा' मानते हुए प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाएं।
वहीं, हाड़ौती हलवाई कैटरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिन माहेश्वरी ने शादियों के सीजन का हवाला देते हुए बताया कि बुकिंग कई महीने पहले ही की जा चुकी है और कुक स्टाफ सहित विवाह स्थलों को लाखों रुपये का अग्रिम भुगतान किया जा चुका है। सिलेंडरों की अनुपलब्धता के कारण अब शादियां कैंसिल होने की नौबत आ गई है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान और व्यवसाय की साख पर विपरीत असर पड़ रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि विवाह और अन्य समारोहों के प्रमाण पेश करने पर आवश्यकतानुसार कमर्शियल सिलेंडरों का विशेष कोटा जारी किया जाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल की दलीलों को गंभीरता से लेते हुए जिला रसद अधिकारी कार्तिकेय मीना ने आश्वस्त किया कि किसी भी परिस्थिति में आवश्यक सेवाओं को बाधित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग एक निर्धारित कोटा प्रणाली बनाने का प्रयास कर रहा है ताकि व्यावसायिक सिलेंडरों की उपयोगिता सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन का प्राथमिक ध्येय जनजीवन को सामान्य रखना और विवाह जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक आयोजनों की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना है। इस आश्वासन के बाद अब व्यवसायियों को उम्मीद है कि कोटा के माध्यम से आपूर्ति बहाल होने पर शहर के पर्यटन और समारोह जगत को बड़ी राहत मिलेगी।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
