कोटा में कमर्शियल गैस सिलेंडर की भारी किल्लत, ठप्प हुआ व्यावसायिक कामकाज
होटल फेडरेशन और व्यापार महासंघ ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, गैस आपूर्ति ठप्प होने से हॉस्टल और कैटरिंग क्षेत्र में गहराया भोजन का संकट।

कोटा में कमर्शियल गैस की किल्लत को लेकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग कृष्णा शुक्ला को ज्ञापन सौंपते होटल फेडरेशन एवं कोटा व्यापार महासंघ के पदाधिकारी।
कोटा, 12 मार्च 2026। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी एवं कैट के जिला अध्यक्ष अनिल मुन्दडा ने आज अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग कृष्णा शुक्ला से भेंट कर कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह ठप्प होने को लेकर उत्पन्न गंभीर स्थितियों से अवगत कराया। माहेश्वरी ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर को बताया कि कोटा में होटल रेस्टोरेंट व्यवसाय, कैटरिंग व्यवसाय, हॉस्टल व्यवसाय, मैस व्यवसाय, छोटे-छोटे चाय नाश्ता खोमचे वाले और कचौड़ी नमकीन के व्यवसाइयों की दुकानों पर गैस पूरी तरह से समाप्त हो चुकी है और आगे इन सभी को अपना व्यवसाय चलाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ठप्प हुआ कारोबार और वैकल्पिक संसाधनों का अभाव
अशोक माहेश्वरी ने बताया कि शहर में इलेक्ट्रिक भट्टियां और डीजल गैस भट्टियों का स्टॉक भी पूरी तरह से खत्म हो गया है। वर्तमान में इन सभी प्रतिष्ठानों में स्टाफ जो बाहर से आकर यहां काम कर रहा है, उनके खाना बनाने की गैस तक भी खत्म हो चुकी है। वर्तमान में चल रहे शादी-विवाह में कैटरिंग व्यवसाइयों के पास गैस की अनुपलब्धता से विकट स्थिति खड़ी हो गई है कि वह किस तरह से शादी में खाना बनाकर देंगे। कोटा में हजारों-लाखों छात्र-छात्राएं हॉस्टलों में निवास कर रहे हैं, उनके सामने भी अब भोजन की समस्या का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
गैस कंपनियों ने खड़े किए हाथ
आज पूरी तरह की परिस्थितियां विकट बनी हुई हैं और आने वाला समय और विकट परिस्थितियों का होगा। माहेश्वरी ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर से आग्रह किया कि "हमारे द्वारा गैस कंपनियों से संपर्क किए जाने पर उन्होंने पूरी तरह गैस सिलेंडर देने के लिए हाथ खड़े कर दिए, उन्होंने कहा कि हमारे पास कमर्शियल सिलेंडर का स्टॉक खत्म हो चुका है और आगे की सप्लाई आने की संभावना बिल्कुल भी नहीं दिख रही है।" होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि इन परिस्थितियों से उबारने के लिए जिला प्रशासन कमर्शियल सिलेंडरों की उपलब्धता करवाए ताकि आमजन को होने वाली भारी परेशानियों को अस्त-व्यस्त होने से बचाया जा सके।
प्रशासन का आश्वासन
अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग कृष्णा शुक्ला ने इस मामले पर व्यवसायियों को आश्वस्त किया कि "हम इस मामले को पूरी गंभीरता से देख रहे हैं और जिला प्रशासन पूरी तरह से सिलेंडरों की उपलब्धता प्रदान करने के पूरे प्रयास कर रहा है, जिला प्रशासन भी पूरी तरह से इस पर नजर रखे हुए हैं कि किस तरह से आए इस संकट से शहर को उबारा जा सके।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
