कोटा सिटी पार्क में अनंत उत्सव: 472 विशेष बच्चों के चेहरे पर खिली मुस्कान
रियल टेम्पल्स ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने बोटिंग, ड्रोन शो और रंगारंग परेड का आनंद लिया, जिला कलक्टर और एसपी भी हुए शामिल।

कोटा के सिटी पार्क में आयोजित ‘अनंत उत्सव’ के दौरान केक काटकर खुशियां मनाते जिला कलक्टर पीयूष सामरिया, एसपी तेजस्विनी गौतम और विभिन्न संस्थानों के विशेष बच्चे।
कोटा। समाज में संवेदनशीलता और करुणा के भाव को जीवंत रूप देते हुए रियल टेम्पल्स ऑफ इंडिया द्वारा सिटी पार्क में आयोजित “अनंत उत्सव –” विशेष बच्चों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बना। संस्थापक प्रांजल अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम अनंत युवा प्रतिष्ठान से प्रेरणा से आयोजित है। इस आयोजन में शहर के विभिन्न संस्थानों—बाधित बाल विकास केंद्र, श्री करणी नगर विकास समिति, गंगा विज़न, घुमंतू छात्रावास, तेजस्वनि बालिका छात्रावास, एलबीएस दिव्यांग विद्यार्थियों, शिवालिका व मधुस्मृति सहित अन्य संगठनों से जुड़े 472 से अधिक विशेष बच्चे एवं बालिकाएँ शामिल हुईं।
बोटिंग, रंगारंग परेड और रोमांचक गतिविधियाँ
सिमरन बब्बर ने बताया कि सायं 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक चले इस आयोजन में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को एक सुरक्षित, आनंदमय और आत्मीय वातावरण प्रदान किया गया। सिटी पार्क के प्राकृतिक सौंदर्य के बीच जब बच्चों ने बोटिंग का आनंद लिया, तो उनकी आंखों में उत्सुकता और चेहरे पर खिलखिलाहट साफ दिखाई दी। कई बच्चों के लिए यह अनुभव पहली बार था, मैजिक शो, फेसबुक पेंटिंग, ब्लॉक पेंटिंग तक बच्चों ने जमकर उत्साह दिखाया। मंजुल शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में कलाकारों के साथ निकली रंगारंग परेड बच्चों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रही। रंग-बिरंगे परिधानों और संगीत की धुनों के बीच बच्चे स्वयं को इस उत्सव का केंद्र महसूस करते नजर आए। वहीं रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों ने बच्चों को अपनी प्रतिभा व्यक्त करने का अवसर दिया, जिससे उनके भीतर छिपी अभिव्यक्ति को नई उड़ान मिली।
ड्रोन शो और आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान
प्रांजल अग्रवाल ने बताया कि शाम ढलते ही आयोजित ड्रोन शो और आतिशबाजी ने वातावरण को आलोकित कर दिया। आसमान में सजे रंगीन दृश्यों को देखकर बच्चों के चेहरे आश्चर्य और खुशी से दमक उठे। यह दृश्य उनके लिए एक सपने के साकार होने जैसा था। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला कलक्टर पीयूष सामरिया एवं विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बच्चों के साथ केक काटकर उत्सव की खुशियों में सहभागिता की। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि "समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है।"
सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष प्रबंधन
आयोजन के दौरान बच्चों की विशेष जरूरतों का पूरा ध्यान रखा गया। प्रत्येक बच्चे के साथ प्रशिक्षित स्वयंसेवक मौजूद रहे, वहीं सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के साथ ऑन-साइट चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। बच्चों के लिए निःशुल्क परिवहन की व्यवस्था करते हुए उन्हें विभिन्न आश्रमों और संस्थानों से सिटी पार्क तक लाया गया। रियल टेम्पल्स ऑफ इंडिया के इस विशेष आयोजन से बच्चों के चेहरे पर मुस्कान खिल उठी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
