राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की मंजूरी के बाद पीसीसी महासचिव ललित तूनवाल ने शनिवार को कोटा शहर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की सूची जारी कर दी। नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष सहित कुल 31 पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे तथा कोटा में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य करेंगे।

नई कार्यकारिणी में संगठन महासचिव पद पर हेमराज गौतम को नियुक्त किया गया है। उपाध्यक्ष पद पर श्याम गौतम, विकास जैन, फरीउद्दीन कुरेशी सोनू, देव गुर्जर भड़क और राकेश शर्मा राकू को जिम्मेदारी सौंपी गई है। महासचिव पद पर सुभाष सैनिक, तरुण चतुर्वेदी, मोहम्मद रफिक टायर, अमरनाथ शर्मा, वसीम भाटी, बलविंदर सिंह बिल्लू और दिलीप पाठक को नियुक्त किया गया है। कोषाध्यक्ष पद पर भरत जैन को जिम्मेदारी दी गई है।

सचिव पद पर एडवोकेट सुरेन्द्र शर्मा, आशीष कौशिक, राहुल पुरस्वानी, मुकेश शर्मा उस्ताद, भुवनेश ऋषि, प्रदीप सुमन, मन्नू राजेश मेघवाल, गुड्डा कुरेशी, विष्णु मेवाड़ा, अविनाश मीणा, सुमित गुर्जर, राजू पहाड़िया, धर्मा गोचर, रमेश यादव और अजय प्रजापति को नियुक्त किया गया है। प्रवक्ता पद पर साजिश खान तथा सोशल मीडिया प्रभारी पद पर सुषमा कँवर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यकारिणी में कोटा जिले की कोटा उत्तर, कोटा दक्षिण, लाडपुरा और रामगंजमंडी चारों विधानसभा क्षेत्रों से प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। सामाजिक समीकरण को ध्यान में रखते हुए कार्यकारिणी में सामान्य वर्ग से 8, एससी से 4, ओबीसी से 7, सिन्धी से 1, अल्पसंख्यक वर्ग से 7 (5 मुस्लिम और 2 जैन), एसटी से 1, सिख समुदाय से 1 तथा महिला वर्ग से 2 पदाधिकारियों को स्थान दिया गया है।

राखी गौतम ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशन के अनुसार एससी, एसटी, अल्पसंख्यक और ओबीसी वर्ग को मिलाकर 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया जाना था। इसी के अनुरूप शहर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी में इन सभी वर्गों को 50 प्रतिशत से अधिक प्रतिनिधित्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी के 50 प्रतिशत पदाधिकारी 50 वर्ष से कम आयु के हैं तथा जिलाध्यक्ष राखी गौतम सहित कुल दो महिलाओं को स्थान देकर 10 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है।

राखी गौतम ने कहा कि यह नई कार्यकारिणी कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाने के साथ-साथ आगामी निकाय, विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story