कोटा: छावनी गणेश महोत्सव में 1125 दीपकों की महाआरती आज
कोटा के छावनी रामचंद्रपुरा में श्री गणेश महोत्सव के तहत धार्मिक प्रश्नोत्तरी का आयोजन हो रहा है, 25 सितंबर को अनन्त चतुर्दशी पर विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी।

कोटा में गणेश पांडाल के सामने विजेता महिला को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करती महिलाएं।
कोटा, 23 सितंबर। श्री गणेश मित्र मंडल समिति, छावनी के 25वें रजत जयंती श्री गणेश महोत्सव 2026 के तहत छावनी रामचंद्रपुरा स्थित गोयल धर्मशाला के सामने सजे विशाल गणपति पांडाल में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों की श्रृंखला जारी है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।
समिति के अध्यक्ष ऋतुराज कौशिक तथा उपाध्यक्ष पंडित लालचंद शर्मा ने बताया कि रजत जयंती महोत्सव को यादगार बनाने के लिए पांडाल में प्रतिदिन श्रद्धालुओं के ज्ञानवर्धन के लिए ‘धार्मिक प्रश्नोत्तरी’ प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें भारतीय संस्कृति, रामायण, महाभारत तथा श्री गणेश के जीवन दर्शन से जुड़े प्रश्न पूछे जा रहे हैं। पांडाल में मौजूद श्रद्धालु एवं बच्चे प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। प्रतिदिन सही उत्तर देने वाले भाग्यशाली विजेताओं को समिति की ओर से आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित और प्रोत्साहित किया जा रहा है।
महोत्सव की श्रृंखला में 24 सितंबर को विशेष धार्मिक आयोजन होगा। समिति के सचिव अंशु श्रृंगी एवं संरक्षक कन्हैयालाल शाक्यवाल ने बताया कि गुरुवार शाम 7 बजे पांडाल में 1125 दीपकों के साथ भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। दीपकों की रोशनी से जगमगाते पांडाल का दृश्य भक्तिमय होगा।
महोत्सव के अंतिम चरण में 25 सितंबर को अनन्त चतुर्दशी के पावन पर्व पर विशाल विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। ढोल-नगाड़ों, भव्य जुलूस और पारंपरिक उल्लास के बीच यात्रा मुख्य मार्गों से होकर निकलेगी। इसके बाद पूरे विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का जल विसर्जन किया जाएगा।
रजत जयंती महोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने में मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, नवल किशोर, महेश शाक्यवाल, सतीश शाक्यवाल, भारत अग्रवाल, ऋतिक गुप्ता, करण शाक्यवाल, नीरज शाक्यवाल, दीपमाला, आरती शाक्यवाल, ममता शाक्य, संजू देवी और कीर्ति शाक्यवाल सहित मंडल के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से जुटे हुए हैं।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
