कोटा: चंबल रिवर सफारी की दरें कम करने के निर्देश, कलेक्टर ने ली बैठक
जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने वन विभाग को रिवर सफारी का शुल्क घटाने और रिवर फ्रंट पर दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं।

कोटा जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पर्यटन विकास समिति की बैठक के दौरान जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया और अन्य अधिकारी हाड़ौती में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा करते हुए।
कोटा, 10 अप्रैल 2026। जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया की अध्यक्षता में आज जिला कलेक्टर सभागार में पर्यटन विकास समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें हाड़ौती के पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) श्रीमती कृष्णा शुक्ला, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव, नगर निगम के जवाहर जैन, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक हरी मोहन शर्मा सहित कोटा विकास प्राधिकरण, वन विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिवर सफारी की दरों में कटौती और पर्यटकों की सुविधा
बैठक में होटल फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने चंबल रिवर सफारी की दरों में कमी किए जाने के प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई की मांग रखी। उन्होंने बताया कि "1 अप्रैल से नई दरें लागू होना प्रस्तावित था, लेकिन अभी तक विदेशी पर्यटकों से ₹3000 तथा भारतीय पर्यटकों से ₹2000 प्रति व्यक्ति शुल्क लिया जा रहा है।" इस पर वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रस्ताव मुख्यालय भेजा जा चुका है, लेकिन अनुमोदन लंबित होने के कारण नई दरें लागू नहीं हो पाई हैं। इस पर जिला कलेक्टर पीयूष सांमरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चंबल रिवर सफारी की दरों में कटौती के लंबित प्रस्ताव का शीघ्र अनुमोदन करवाकर नई दरों को लागू किया जाए। साथ ही उन्होंने पर्यटन विभाग को भी इस संबंध में वन विभाग को पत्र लिखने के निर्देश दिए। अशोक माहेश्वरी ने जगमंदिर एवं लक्की बुर्ज़ क्षेत्र में कैफेटेरिया को आधुनिक सुविधाओं के साथ शीघ्र प्रारंभ करने तथा चंबल रिवर सफारी के पर्यटकों के लिए सुरक्षित वेटिंग एरिया बनाने का सुझाव दिया।
नए टूर पैकेज और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा
बैठक में अशोक माहेश्वरी ने बताया कि वर्तमान में जयपुर, उदयपुर, चित्तौड़ एवं कोटा को जोड़ते हुए टूर पैकेज संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि "8 अप्रैल को लगभग 6 बसों से विदेशी पर्यटकों का समूह कोटा आया, जिन्होंने यहां के पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। प्रदेश के टूर ऑपरेटर निरंतर हाड़ोती में पर्यटकों के ग्रुप भेज रहे हैं।" माहेश्वरी ने आगे कहा कि "हमारा प्रयास है कि आगरा, भरतपुर, रणथंभौर को कोटा से जोड़ते हुए नई टूर आइटनरी तैयार की जा रही है, साथ ही कोटा-बूंदी-बारां-झालावाड़ का संयुक्त हाड़ौती टूर पैकेज बनाये जाने पर भी कार्य किया जा रहा है।" सितम्बर माह में कोटा में होने वाले रणोउत्सव एवं टेंट डीलर्स समिति के महाधिवेशन से हाड़ौती के पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।
पंचरत्न योजना और विकास के आगामी लक्ष्य
जिला कलेक्टर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में ‘पंचरत्न’ योजना के तहत चयनित चंबल रिवर फ्रंट को और अधिक आकर्षक बनाने तथा वहां खाली पड़ी दुकानों के आवंटन के लिए कोटा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि "26 से 28 अप्रैल 2026 को जयपुर में आयोजित ‘द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार’ में पर्यटन विभाग, कोटा विकास प्राधिकरण एवं होटल फेडरेशन सक्रिय भागीदारी निभाएं, जिससे हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार हो सके।"
कोटा महोत्सव और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार
अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग श्रीमती कृष्णा शुक्ला ने "कोटा महोत्सव एवं प्रस्तावित कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट के आयोजनों को और अधिक आकर्षक बनाने तथा कोटा महोत्सव को पर्यटन कैलेंडर में शामिल करने" की बात कही। इसके अलावा बैठक में गेपरनाथ महादेव मंदिर में पर्यटकों की सुविधा और प्रवेश शुरू करने, रंगपुर डाक बंगले के पर्यटन विकास, शहर के प्रवेश मार्गों से अतिक्रमण हटाने, साइन बोर्ड लगाने, सेवन वंडर्स पार्क के रखरखाव, मथुराधीश मंदिर कॉरिडोर की DPR तैयार करने तथा अन्य पर्यटन विकास कार्यों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने हाड़ौती क्षेत्र के पर्यटन विकास को नई दिशा देने के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
