कोटा के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल चंबल गार्डन को नए आकर्षणों से सुसज्जित करने की तैयारी तेज हो गई है। महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने शुक्रवार को नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा के साथ गार्डन के पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी कार्य दिवाली तक पूरे करने के निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट किया कि चंबल गार्डन को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है, इसलिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान महापौर और आयुक्त ने गार्डन में विकसित किए जा रहे विभिन्न आकर्षणों की जानकारी ली। परियोजना के तहत प्रवेश द्वार के निकट करीब 70 मीटर व्यास वाले क्षेत्र में स्टेनलेस स्टील से मोर का आकर्षक स्कल्पचर तैयार किया जा रहा है। इसके आसपास विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। वहीं, लक्ष्मण झूले को नए स्वरूप में हैंगिंग ब्रिज के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे पर्यटकों को झूले पर चलने का रोमांचक अनुभव मिल सकेगा।

चंबल नदी के किनारे सिटिंग एरिया और ओपन एयर एम्फीथिएटर भी विकसित किया जा रहा है। यहां करीब 8 मीटर ऊंचा स्वान स्कल्पचर स्थापित किया जाएगा। इसकी संरचना इस तरह तैयार की जाएगी कि वह चंबल नदी से जल ग्रहण करता हुआ दिखाई देगा। एम्फीथिएटर में म्यूजिकल फाउंटेन के साथ वाटर स्क्रीन भी बनाई जाएगी। इस स्क्रीन पर दशहरा मेला और रामकथा से जुड़ी 8 से 10 लघु फिल्में प्रदर्शित करने की योजना है। इसके अलावा वॉकिंग ट्रैक और टफंड ग्लास ब्रिज भी पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण होंगे।

महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को अलग-अलग चरणों में तेजी से पूरा किया जाए। जरूरत के अनुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि काम की रफ्तार प्रभावित नहीं हो। उन्होंने गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में परियोजना पूरी करने पर जोर दिया।

नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने कहा कि चंबल गार्डन के पुनर्विकास से कोटा के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

निरीक्षण के दौरान पार्षद सुनीता नायक, सुरेश सिंह जादौन, नागेंद्र सिंह गौड़, मुकेश शर्मा, सुनीता सेन, मुख्य अभियंता महेश चंद गोयल, अधिशासी अभियंता विष्णु वैष्णव, सहायक अभियंता भुवनेश नावरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

भीतरिया कुंड के पुनर्विकास कार्यों की भी जांच

चंबल गार्डन के निरीक्षण के बाद नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा भीतरिया कुंड पहुंचे और वहां चल रहे पुनर्विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन कार्यों की शुरुआत हो चुकी है, उनकी गति बढ़ाई जाए। वहीं, जिन कम्पोनेंट्स पर अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है, उन्हें तत्काल शुरू करवाया जाए।

उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश भी दिए। चंबल गार्डन और भीतरिया कुंड में चल रहे पुनर्विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए नगर निगम की ओर से निर्माण की गति और गुणवत्ता पर निगरानी रखी जा रही है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story