द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की कोटा सीए ब्रांच द्वारा आयोजित सीए महोत्सव 2026 की श्रृंखला के अंतर्गत सोमवार को चार्टर्ड अकाउंटेंट्स प्रीमियर लीग (सीएपीएल) 2026 के लिए पहली बार प्लेयर्स ऑक्शन का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कोटा सीए ब्रांच के इतिहास में पहली बार आयोजित इस अभिनव ऑक्शन ने सदस्यों के बीच विशेष उत्साह का वातावरण निर्मित किया।

कोटा सीए ब्रांच के चेयरमैन सीए अतिशय जैन ने बताया कि इस अनूठे ऑक्शन प्रारूप में प्रत्येक टीम ओनर को ब्रांच की ओर से निर्धारित मूल्य के वर्चुअल ऑक्शन टोकन्स उपलब्ध कराए गए, जिनके माध्यम से लगभग 80 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स खिलाड़ियों पर खुली बोली लगाई गई। प्रत्येक खिलाड़ी के लिए टीम ओनर्स ने अपनी-अपनी रणनीति के अनुसार प्रतिस्पर्धात्मक बोली लगाते हुए उपलब्ध टोकन्स का उपयोग कर खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया। ऑक्शन पूर्ण होने के उपरांत प्रत्येक टीम ने 10-10 खिलाड़ियों के साथ अपनी टीम का गठन किया। प्रोफेशनल स्पोर्ट्स लीग की तर्ज पर आयोजित इस ऑक्शन प्रारूप को सभी सदस्यों ने व्यापक रूप से सराहा।

उन्होंने आगे बताया कि टूर्नामेंट को अधिक प्रतिस्पर्धात्मक एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक टीम के साथ अनुभवी क्रिकेट खिलाड़ियों को टीम मेंटर के रूप में जोड़ा गया है, जो पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीमों का मार्गदर्शन करेंगे।

सीएपीएल 2026 के अंतर्गत गठित टीमों में बूंदी ब्लेजर्स, जिसके टीम ओनर सीए निखिल जेठलिया एवं टीम मेंटर सीए साहिल बिरला हैं; कोटा फ्रेश टाइटंस, टीम ओनर्स सीए बजरंग साबू एवं सीए शुभम साबू तथा टीम मेंटर सीए विष्णु गर्ग; डीएमएस सनराइजर्स, टीम ओनर सीए दिनेश कुमार जैन एवं टीम मेंटर सीए आयुष माहेश्वरी; मास वॉरियर्स, टीम ओनर्स सीए अखिलेश राठी एवं सीए आर. पी. विजय तथा टीम मेंटर्स सीए सचिन मंगल एवं सीए अंकित गुप्ता; बारां लीजेंड्स, टीम ओनर सीए अंकुर नागर एवं टीम मेंटर सीए अभिनव जैन; डीसीएल डेयरडेविल्स, टीम ओनर्स सीए शशांक गर्ग एवं सीए सौरभ जैन तथा टीम मेंटर सीए आशीष व्यास; चार्टर्ड स्ट्राइकर्स, टीम ओनर सीए अरविंद जैन एवं टीम मेंटर सीए आशीष अरविंद जैन; तथा हाड़ौती धुरंधर्स, टीम ओनर सीए विशाल गुप्ता एवं टीम मेंटर सीए दीपक सिंघल शामिल हैं।

इस अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों के लिए आकर्षक ट्रॉफियों का भव्य अनावरण भी किया गया। साथ ही सभी आठ टीमों की अलग-अलग रंगों एवं डिज़ाइन की आधिकारिक टीम जर्सियों (टी-शर्ट्स) का भी अनावरण किया गया, जिससे टीम ओनर्स एवं खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल देखा गया।

चेयरमैन सीए अतिशय जैन ने बताया कि सीएपीएल 2026 के मुकाबले आगामी 4 एवं 5 जुलाई को अनंतपुरा टर्फ, कोटा में आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आठों टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। इसी क्रम में 4 जुलाई को महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट्स प्रीमियर लीग का भी आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए महिला टीमों का गठन पहले ही किया जा चुका है और उनके बीच भी क्रिकेट मुकाबले खेले जाएंगे। यह पहली बार होगा जब पुरुष एवं महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दोनों के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।

इस आयोजन के दौरान कोटा सीए ब्रांच के चेयरमैन सीए अतिशय जैन, वाइस चेयरमैन सीए अंकित गुप्ता, सेक्रेटरी सीए सुधांशु उपाध्याय, ट्रेजरर सीए सचिन मंगल, पूर्व चेयरमैन सीए दीपक सिंघल सहित ब्रांच मैनेजिंग कमेटी के सदस्य, सभी टीम ओनर्स, टीम मेंटर्स एवं बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स उपस्थित रहे। सीए अतिशय जैन ने विश्वास व्यक्त किया कि सीए महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित CAPL 2026 केवल एक क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेल भावना, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, नेटवर्किंग एवं आपसी सौहार्द को मजबूत करने वाला एक यादगार आयोजन सिद्ध होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story