कोटा-बूंदी पर्यटन: 16 देशों के टूर ऑपरेटर्स ने किया हाड़ौती का भ्रमण
द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार के तहत विदेशी प्रतिनिधियों ने कोटा के ऐतिहासिक स्थलों का दौरा किया और इसे अपनी भविष्य की ट्रैवल आइटनरी में शामिल करने की घोषणा की।

कोटा के गढ़ पैलेस भ्रमण के दौरान विदेशी टूर ऑपरेटर्स पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं के साथ ऐतिहासिक स्थापत्य कला और संस्कृति की जानकारी लेते हुए।
अंतरराष्ट्रीय पर्यटन परिदृश्य में कोटा-बूंदी ने मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। जयपुर में आयोजित “द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार” के फेम टूर के तहत 16 देशों से आए टूर कंपनियों के संचालकों ने कोटा-बूंदी का विस्तृत भ्रमण कर इसे आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में सराहा और जयपुर–चित्तौड़–उदयपुर के साथ जोड़कर संयुक्त आइटनरी बनाने में रुचि व्यक्त की।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा इन विदेशी टूर ऑपरेटर्स का भव्य स्वागत किया गया। फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि दो दिवसीय प्रवास के दौरान टीम ने टूर ऑपरेटर्स के पर्यटन भ्रमण के साथ आवास, भोजन एवं आतिथ्य सत्कार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की। भ्रमण के दौरान कोटा के सिटी पार्क, चंबल रिवर फ्रंट, सेवन वंडर्स पार्क तथा कोटा गढ़ पैलेस सहित विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का दौरा कराया गया। गढ़ पैलेस स्थित पुरातत्व संग्रहालय में कोटा के समृद्ध इतिहास और संस्कृति की विस्तृत जानकारी दी गई, जिसकी टूर ऑपरेटर्स ने सराहना की। सभी स्थलों पर पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया गया।
टूर ऑपरेटर्स ने कोटा-बूंदी को ऐतिहासिक, पुरातात्विक, स्थापत्य कला एवं आधुनिक पर्यटन स्थलों का अद्भुत संगम बताते हुए इसे अत्यंत सुंदर और आकर्षक गंतव्य बताया। उन्होंने कहा कि अब तक वे जयपुर, चित्तौड़ और उदयपुर को प्रमुखता से अपने टूर प्लान में शामिल करते रहे हैं, लेकिन आगामी पर्यटन सीजन से कोटा-बूंदी को भी इन शहरों के साथ जोड़कर नई संयुक्त आइटनरी तैयार करेंगे।
माहेश्वरी ने बताया कि इन टूर कंपनियों का संचालन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होता है और ये अपने-अपने देशों से बड़ी संख्या में पर्यटकों को भारत भ्रमण के लिए भेजती हैं। इनमें रूस, स्पेन, साउथ अफ्रीका, अमेरिका, जापान, मलेशिया, इंडोनेशिया सहित कई देशों की कंपनियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कोटा-बूंदी को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में यह भ्रमण महत्वपूर्ण कदम है, जिससे जयपुर और उदयपुर आने वाले विदेशी पर्यटक हाड़ौती क्षेत्र की ओर भी आकर्षित होंगे।
इस अवसर पर माहेश्वरी ने होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, सचिव रणविजय सिंह, RATO के अध्यक्ष महेंद्र सिंह, ट्रैवल बाजार संयोजक दिलीप सिंह चौहान एवं पर्यटन विभाग का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से कोटा-बूंदी को इस फेम टूर में शामिल किया गया। उन्होंने बताया कि भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स के साथ मिलकर कोटा-बूंदी को प्रमुख पर्यटन आइटनरी में शामिल करने के प्रयास जारी रहेंगे। हाल ही में आयोजित कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट में देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 1200 टूर ऑपरेटर्स के साथ भी इस दिशा में सकारात्मक संपर्क स्थापित किया गया है।
आगामी पर्यटन सीजन में जयपुर और उदयपुर आने वाले पर्यटकों का बड़ा हिस्सा हाड़ौती क्षेत्र की ओर रुख करेगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है और पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
