कोटा, 5 मार्च 2026। नयापुरा स्टेडियम में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान 1 मार्च के फाइनल मैच में, जहाँ फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी मौजूद थीं, भाजपा नेताओं द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ की गई अभद्रता और गुंडागर्दी का मामला गरमा गया है। इस घटना में पुलिस पर थप्पड़ मारने और एक अन्य भाजपा नेता द्वारा खुद पर गोली चलवाने तथा थाने में हंगामा करने की घटनाओं को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने तीखा प्रहार किया है।

पुलिस और आमजन की सुरक्षा पर खड़े हुए गंभीर सवाल

कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि भाजपा राज में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की गुंडागर्दी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। उन्होंने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि "एक नेता जो पूर्व उपाध्यक्ष है, वह पुलिस को थप्पड़ मार रहा है और दूसरा नेता बेखौफ होकर घर में घुसकर तोड़फोड़ कर रहा है, खुद पर गोली चलवा रहा है और थाने में हंगामा करवा रहा है।" शहर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष राखी गौतम ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की राज्य सरकार सार्वजनिक तौर पर यह दावा करती है कि हम जनता को सुशासन दे रहे हैं, लेकिन इनके नेता कुशासन कर जनता में भय फैला रहे हैं।

सत्ता के अहंकार और बिगड़ती कानून व्यवस्था पर प्रहार

राखी गौतम ने आगे कहा कि भाजपा नेता किसी की परवाह न करके खुलेआम पुलिस वालों को थप्पड़ मार रहे हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए सवाल किया कि "जो जनता की रक्षक है वह अब सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा कौन करेगा? पूरे राज्य में भाजपा नेताओं के कृत्य से भय व्याप्त है।" उन्होंने तंज कसा कि भाजपा सरकार में भाजपा नेताओं की गुंडागर्दी अब सड़कों और पूरे राजस्थान में दिखने लगी है और उनका अहंकार सिर चढ़कर बोल रहा है।

पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्यवाही की माँग

वर्तमान स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आमजन आज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। राखी गौतम ने पुलिस प्रशासन से स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस प्रशासन का आमजन में विश्वास तभी बढ़ेगा जब पुलिस इन नेताओं पर बिना किसी दबाव के बेखौफ होकर न्यायोचित कानूनी कार्यवाही करेगी। इस पूरे घटनाक्रम पर महासचिव डॉ. विजय सोनी ने भी उक्त घटनाओं की कड़ी निंदा की है और पुलिस प्रशासन से उचित कार्यवाही करने की माँग की है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story