कोटा में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर के मुख्य आतिथ्य में गणेश नवयुवक मंडल, कोटा के तत्वाधान में विशाल भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर निर्धन, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन वितरित किया गया।

कार्यक्रम के तहत किशोर सागर, नयापुरा सहित शहर के विभिन्न प्रमुख और सार्वजनिक स्थानों पर घूम-घूमकर जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाया गया। इस सेवा अभियान में सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

गणेश नवयुवक मंडल के जिला उपाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने उपस्थित जनसमूह और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु पूर्णिमा का दिन केवल ज्ञान अर्जन का ही नहीं, बल्कि मानवता की सेवा के संकल्प का भी दिन है। "नर सेवा ही नारायण सेवा" के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की मदद करना ही सबसे बड़ी पूजा है।

छगन माहुर ने गणेश नवयुवक मंडल के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए युवाओं को सामाजिक सरोकारों से निरंतर जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहयोग पहुंचाने के महत्व को रेखांकित किया।

गणेश नवयुवक मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि मंडल की ओर से हर वर्ष धार्मिक और सामाजिक उत्सवों पर इस प्रकार के सेवा कार्य आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष गुरु पूर्णिमा पर प्रदेश उपाध्यक्ष माहुर की गरिमामयी उपस्थिति ने मंडल के युवाओं और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

भोजन वितरण अभियान के दौरान गणेश नवयुवक मंडल के राजेन्द्र सिंह, जय कांत, मनोज कुमार, लाल सिंह, विनोद फौजदार, सुभाष मेहरा, अमित मैराथिया, राजेन्द्र साहु, महेश वर्मा, जितेन्द्र गोयल सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस सेवा कार्य में सहभागिता निभाकर गुरु चरणों में अपनी सेवा अर्पित की।


Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story